- योजना से 30 साल तक पानी की समस्या होगी दूर
THE CG NEWS
रिसाली/भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा का क्रियान्वयन करने की दिशा में आज स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के स्थल का निरीक्षण किया गया। 24 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रिसाली को दी गई इस सौगात से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त मोनिका वर्मा, जल संसाधन, पीएचई और नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
आगामी निगम चुनाव से पहले रिसाली के विकास को गति देने वाली यह योजना क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
योजना के तहत 134 करोड़ की लागत से कुल 30 MLD क्षमता का फिल्टर प्लांट स्थापित किया जाएगा। आगामी 30 वर्षों की पेयजल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्लान तैयार किया गया है। नेवई-उमरपोटी सीमा में स्थित डेम से पानी लेकर फिल्टर प्लांट में ट्रीटमेंट किया जाएगा।
प्लांट स्थापित करने 5 एकड़ जमीन स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा दी जाएगी। प्रस्तावित चार ओवर हेड टैंक का निर्माण 15वें वित्त से स्वीकृत किया जाएगा।
डेम के केनाल संधारण का कार्य 4 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा जिसके लिये सरकार से राशि स्वीकृत कर दी गई है। इस फिल्टर प्लांट से 26,831 नल कनेक्शनों को पानी मिलेगा। वर्तमान में भिलाई से हर रोज 11 MLD पानी रिसाली ले रहा है।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि रिसाली की बढ़ती आबादी और आगामी 30 वर्षों की जरूरत को ध्यान में रखकर यह योजना तैयार की गई है। इस प्लांट के बनने से रिसाली के हर घर तक शुद्ध, पर्याप्त और नियमित पेयजल पहुंचेगा। पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। रिसाली को आत्मनिर्भर बनाना, हर वार्ड तक पानी, सड़क, नाली, प्रकाश और स्वच्छता की सुविधा पहुंचाना हमारा संकल्प है। मोदी की गारंटी के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है।
जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह व निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने अधिकारियों को प्लांट के लिए भूमि, तकनीकी सर्वे, डेम से पाइपलाइन और ओवर हेड टैंक के निर्माण को लेकर समयबद्ध कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
