- नेकी के फरिश्ते हैं जनसमर्पण संस्था के सदस्य : पुलिस भर्ती में टेस्ट देने आए युवाओं को शहर के नौजवान बांट रहे हैं कम्बल और भोजन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत टेस्ट देने आए युवाओं को दुर्ग शहर के नेकी के फरिश्ते कंबल बांट रहे हैं। उन्हें भोजन भी परोसा जा रहा है। ये काम जनसमर्पण संस्था के नौजवान सदस्य कर रहे हैं। सीएएफ बटालियन परिसर में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान दूसरे शहर-जिले से आने वाले युवाओं को ठंड से बचाने के लिए इन नौजवानों की टीम लगातार पांच दिनों से सक्रिय है।
28 जनवरी से 1 फरवरी तक 5 दिवस पुलिस भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट देने आए युवाओं को जन समर्पण सेवा संस्था ने जरूरत की सामग्री वितरण किया। संस्था के पदाधिकारियों को 28 जनवरी को रात में सूचना मिलने के बाद से जन समर्पण सेवा संस्था के युवाओं ने पुलिस भर्ती में आए युवाओं को पेट भरने और ठंड से बचाने के लिए भोजन और कंबल का प्रबंध किया।

संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा (बंटी) ने बताया कि दुर्ग शहर में छत्तीसगढ़ प्रदेश के दूसरे जिलों से प्रतिदिन सैकड़ों युवा पुलिस भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट देने आ रहे हैं। टेस्ट के अगले राउंड के लिए चयन हो जाने पर युवाओं को वहीं पर रात बिताना पड़ता है। रात बिताने के लिए कोई निश्चित जगह न होने के कारण पुलिस भर्ती में आए युवा ठिठुरती ठंड में रोड के किनारे खुले आसमान में सो जाते हैं।
योगेन्द्र शर्मा ने शासन-प्रशासन से अनुरोध करते हुए कहा है कि पुलिस भर्ती में आए सैकड़ों युवाओं को रात बिताने के लिए स्थान की व्यवस्था होना चाहिए। दुर्ग बटालियन के सामने ही सरकारी भवन बना हुआ है, जिसमें टिन का शेड लगा है। इसमें ताला लगा रहता है। यह स्थान युवाओं को रात बिताने के लिए मिल जाए तो कम से कम ठंड से बचा जा सकता है।
आपको बता दें कि जन समर्पण सेवा संस्था बीते 4 साल से हर दिन रोज जरूरतमंदों और असहाय लोगों को भोजन वितरण कर रही है। पुलिस भर्ती के लिए आए युवाओं के लिए भी संस्था ने पिछले 5 दिनों से अपने सामाजिक सरोकार को निभाया। खाने के लिए पोहा, जलेबी, पुलाव, सब्जी, बिस्किट, मिक्चर, चिप्स, चना, मुर्रा और पानी पाउच का वितरण किया।
संस्था के शिशु शुक्ला ने बताया कि 1 फरवरी को संस्था द्वारा दुर्ग रेलवे स्टेशन में भोजन वितरण करने के बाद दुर्ग बटालियन के पास पुलिस भर्ती के लिए आए युवाओं को पुलाव, सब्जी, फल का वितरण किया गया। रोड किनारे खुले आसमान में सोते हुए 23 युवाओं को ठंड से बचने के लिए कम्बल वितरण किया गया। देर रात्रि इस सेवा में संस्था के आशीष मेश्राम, प्रकाश कश्यप, संजय सेन, महेश गुप्ता, मृदुल गुप्ता, शुभम सेन, हरीश ढीमर, दद्दू ढीमर, राजेन्द्र ताम्रकार, सुजल शर्मा, भगवत पटेल, मुकेश पटेल, वाशु शर्मा भी सक्रिय रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal