- कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन समिति के सदस्यों और कृषकों से करेंगे वर्चुअल संवाद
- ‘जैव विविधता पार्क‘ फुंडा का भी भूमिपूजन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को दोपहर 12 बजे राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम मेें ‘मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना‘ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान दुर्ग वनमंडल के अंतर्गत फुंडा (पाटन) में जैव विविधता पार्क का भूमिपूजन भी करेंगे।

वे कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न वनमंडलों के वन प्रबंधन समिति के सदस्यों और किसानों से वर्चुअल संवाद करेंगे। वर्चुअल संवाद में बस्तर, बिलासपुर, बलरामपुर, कांकेर, महासमुंद और कवर्धा वनमंडल के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों और वन प्रबंधन समिति के सदस्य और कृषक शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2020 में धान की फसल लेने वाले किसान अगर धान के बदले अपने खेतों में वृक्षारोपण करते हैं, तो उन्हें आगामी 3 वर्षों तक प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ग्राम पंचायतों के पास उपलब्ध राशि से वाणिज्यिक वृक्षारोपण करने पर एक वर्ष बाद सफल वृक्षारोपण की दशा में संबंधित ग्राम पंचायतों को शासन की ओर से 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे भविष्य में पंचायतों की आय में वृद्धि होगी। संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के पास उपलब्ध राशि से वाणिज्यिक आधार पर राजस्व भूमि पर वृक्षारोपण करने पर पंचायत की तरह संबंधित समिति को एक वर्ष बाद 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वृक्षों को काटने व विक्रय का अधिकार संबंधित समिति का होगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal