
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती देने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अब प्राइवेट सेक्टर का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ग्रामीण इलाकों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने सभी शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं के निर्माण में प्राइवेट सेक्टर का सहयोग भी लिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पताल निर्माण के लिए प्राइवेट एजेंसियों को राज्य सरकार द्वारा अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान राज्य सरकार द्वारा सेवा क्षेत्र के उद्योगों को दिए जा रहे अनुदान के तहत होगा। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग को आगामी 10 दिनों में इसकी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
बीते ढाई सालों में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। इसके बावजूद अभी भी छोटे जिला मुख्यालयों और विकासखण्ड मुख्यालयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता चुनौती बनी हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना महामारी के बदलते स्वरूप से निपटने और प्रदेशवासियों को उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राजधानी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्वास्थ्य अधोसरंचना के विस्तार और उनके सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal