
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने स्मार्ट सिटी अंतर्गत डाटा मैच्योरिटी असेसमेंट फ्रेमवर्क (डीएमएएफ) रैंकिंग में रायपुर को टॉप 10 में जगह बनाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा है कि आम नागरिकों की बदौलत ही एक बार फिर छत्तीसगढ़ राज्य ने उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता, पीएम आवास-मोर जमीन मोर मकान, म्युनिसिपल परफॉर्मेंस इंडेक्स सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन में भी हमारे राज्य को पुरस्कार मिल चुका है।
डॉ डहरिया ने कहा है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हमारी राजधानी स्वच्छ और सुंदर बन रही है। योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से न सिर्फ रायपुर का स्वरूप बदला है, बल्कि आम नागरिकों को अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी बेहतर कार्य हुआ है। स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से आने वाले दिनों में भी रायपुर में बहुत से कार्य होंगे और आम लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने इस उपलब्धि पर अधिकारियों, कर्मचारियों सहित आम नागरिकों को बधाई दी है। बता दें कि कल आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना और प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 6 साल पूरा होने पर रैंकिंग की घोषणा की गई। रायपुर स्मार्ट सिटी ने क्लाइमेट स्मार्ट सिटी असेसमेंट फ्रेमवर्क की जारी रैंकिंग में थ्री स्टार रेटिंग और डाटा मैच्योरिटी असेसमेंट फ्रेमवर्क की रैंकिंग में टॉप 10 में जगह बनाई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal