
- जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि प्रदेश में किसानों के हित में कई सहकारी गतिविधियां संचालित हो रही हैं। राज्य सरकार का यह प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग सहकारिता के माध्यम से लाभान्वित हों। यह प्रयास होना चाहिए कि सहकारिता आंदोलन से किसानों के साथ ज्यादा से ज्यादा नागरिक भी जुड़ें। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने निवास कार्यालय से बिलासपुर में आयोजित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सम्बोधित कर रहे थे।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रमोद नायक का पदभार ग्रहण कार्यक्रम सहकारी बैंक बिलासपुर के प्रांगण में संपन्न हुआ, जिसमें सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता अधिनियम में अनेक संशोधन कर अधिनियम का सरलीकरण किया गया है, जिससे सहकारिता आंदोलन से ज्यादा से ज्यादा लोग लाभान्वित हो सकें। सहकारी बैंकों से किसानों को खाद, बीज का वितरण किया जाता है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, लघु वनोपज खरीदी भी सहकारिता का हिस्सा है। ज्यादा से ज्यादा लोगों का जुड़ाव सहकारिता से हो, यह प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, नगर निगम बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव, विधायक धरमजीत सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी, किसान उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal