
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के गांधी मैदान में बारिश में भीगते हुए एक घंटे तक धरने पर बैठे रहे। राज्यसभा में कांग्रेस की महिला सांसदों के साथ दुर्व्यहार के विरोध में यह विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ इस मामले में मोर्चा खोल रखा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्यसभा में जो कुछ हुआ, वह छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान है। नारी जगत का अपमान कांग्रेस पार्टी ने न तो बर्दाश्त किया है, न भविष्य में बर्दाश्त किया जाएगा। भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है। नारियों के अपमान को छत्तीसगढ़ नहीं सहेगा।
गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में कांग्रेस की महिला सांसद फूलो देवी नेताम और छाया वर्मा के साथ धक्कामुक्की हुई थी। फूलोदेवी नेताम और छाया वर्मा ने मार्शल पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। इसी घटना के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस महिला सांसद फूलो देवी नेताम और छाया वर्मा के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता गांधी मैदान में मौन धरना पर बैठे।
इस घटना में महिला सांसद फूलोदेवी नेताम को महिला मार्शलों के धक्का देने से चोट आई। घटना के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राज्यसभा में पहली बार सांसदों के साथ मारपीट की गई है। पूरे सदन के अंदर जितने सांसद थे, उनसे तीन गुना मार्शल थे। इस मामले में दिल्ली में विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा के सभापति वैंकेया नायडू से मुलाकात कर घटना की जांच करने की मांग भी की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal