• गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और विधि-विधायी मंत्री अकबर ने कवर्धा में समाज प्रमुखों के साथ की बैठक

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और वन परिवहन, आवास, विधि-विधायी मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने आज कलेक्टर कार्यालय कवर्धा के सभाकक्ष में सर्व समाज प्रमुखों के साथ बैठक की। बैठक में पंडरिया विधायक ममता चद्राकर, कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा, कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग और सर्व समाज के प्रमुख उपस्थित थे।
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू है। यहां के लोग बहुत शांति प्रिय, सहज और सरल है। यहां के लोग प्रदेश में शांति और खुशहाली चाहते हैं। कवर्धा में पिछले दिनो जो घटना घटी है, उस घटना के सभी साक्षी है। कवर्धा में सर्व समाज द्वारा मिलजुल कर पुनः शांति स्थापित करने, आपासी भाईचारा, सामाजिक सद्भावना और सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाने के लिए अनुकरणीय पहल की गई।
गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ कवर्धा में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता में रहा है। घटना के पहले दिन से ही लगातार हम सब जिला प्रशासन से जानकारी लेते रहे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जिले के प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ मंत्री व कवर्धा के स्थानीय विधायक मोहम्मद अकबर द्वारा वर्चुअल माध्यम से निरंतर जिले के संपर्क में रहते हुए कवर्धा में पुनः शांति व्यवस्था स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए। जिला प्रशासन और समाज प्रमुखों के निरंतर संपर्क में रहकर नियमित रूप से शांति कायम की दिशा में काम करते रहे। समाज प्रमुखों द्वारा कवर्धा में शांति मार्च का आयोजन कराया गया।

शहर में सामाजिक सौहार्द स्थापित करने के लिए समाज प्रमुख सामने आए। सर्व समाज ने कवर्धा शहर में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता, शांति स्थापना कर एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत किया। समाज प्रमुखों की सकारात्मक पहल से ही कवर्धा शहर में आज पुनः शांति स्थापित हो रही है। जन जीवन सामान्य होने लगा है। शहर के अंदर आवाजाही शुरू हो रही है। धीरे-धीरे पूर्ण शांति की ओर शहर बढ़ रहा है। इस सकारात्मक पहले के लिए मैं सर्व समाज को धन्यवाद देता हूं।
वन एवं परिवहन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने कहा कि कवर्धा शहर में पुनः शांति स्थापित करने के लिए जिले के सर्व समाज प्रमुखों ने मिलकर अच्छा पहल की है। सर्व समाज ने कवर्धा में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाने के लिए मिलजुलकर उदारता का परिचय दिया है। उन्होंने इसके लिए सर्व समाज का आभार व्यक्त किया। सर्व समाज की बैठक में कबीर पंथ प्रचारक प्रवीण शर्मा, अमिताभ नामदेव, वरिष्ठ नागरिक राजकुमार तिवारी ने कवर्धा में पुनः शांति स्थापना और जनजीवन को पुनः सामान्य स्थिति में लाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी दिए। सर्व समाज की बैठक में ब्राह्मण समाज, अग्रवाल समाज, साहू समाज, सिख समाज, जैन समाज, मुस्लिम समाज, चंद्रवंशी समाज, गुप्ता समाज, देवांगन समाज, चेंबर ऑफ कॉमर्स, ठाकुर समाज, अहिरवार समाज, यादव समाज, धोबी समाज, वैष्णव समाज, नामदेव समाज, सोनी समाज, कायस्थ समाज, कौशिक समाज, जयसवाल समाज, सतनामी समाज, यूथ क्लब, लायंस क्लब, मरार समाज, गुप्ता कसौधन वैश्य गुप्ता समाज, ठेकेदार संघ, पाली समाज, महामाया मंदिर, श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर, दंतेश्वरी मंदिर, चंडी मंदिर, परमेश्वरी मंदिर, बूढ़ा महादेव मंदिर, काली मंदिर, मल्हार समाज, झारिया  समाज, विंध्यवासिनी मंदिर, अध्यक्ष मानिकपुरी समाज, कबीर पंथ, बौद्ध समाज, प्रजापति ब्रह्मा कुमारी के समाज प्रमुख व प्रतिनिधि शामिल हुए।