- जिला कार्यालय में हुआ सम्मान, कलेक्टर ने दिए जिले के सभी विद्यालयों में भूगोल प्रयोगशाला स्थापित करने के निर्देश
THE CG NEWS
रायपुर। ऑक्सफोर्ड सईद बिज़नेस स्कूल एवं शिव नादर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इंडियाज़ बेस्ट टीचर्स अवार्ड्स 2026 में भूगोल श्रेणी का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोण्डागांव के सामाजिक विज्ञान शिक्षक विनायक कोहली का मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी नूपुर राशि पन्ना द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई तथा अपर कलेक्टर अजय उरांव एवं जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारीगण, विद्यालयों के प्राचार्यगण, शिक्षकगण तथा विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
साढ़े नौ हज़ार से अधिक शिक्षकों में से चयन
कोहली ने बताया कि इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए देशभर से नौ हज़ार पाँच सौ से अधिक शिक्षकों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में सम्पन्न हुई। अंतिम चरण के लिए उन्हें दिल्ली आमंत्रित किया गया, जहाँ ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों एवं अन्य विशिष्टजनों के समक्ष उन्होंने अपना प्रस्तुतिकरण दिया। इसी प्रस्तुतीकरण के आधार पर उन्हें भूगोल श्रेणी में देश का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक चुना गया।
नवाचारी शिक्षण पद्धतियों का प्रस्तुतिकरण
अपने प्रस्तुतिकरण में कोहली ने विद्यालय में अपनाई जा रही अनेक नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को साझा किया, जिनमें प्रमुख रूप से सम्मिलित थीं, जिसमें ‘सामाजिक विज्ञान प्रयोगशाला, जो सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की पहली प्रयोगशाला है, बस्तर आर्ट म्यूज़ियम कॉर्नर, भूमिका-निर्वाह (रोल-प्ले) आधारित गतिविधियाँ, विद्यार्थियों के साथ नियमित ध्यान (मेडिटेशन) सत्र, युवा संसद का आयोजन, मानचित्रण (मैपिंग) गतिविधियाँ, मृदा नमूना संग्रहण कार्य, कला-एकीकृत शिक्षण हेतु भरतनाट्यम का उपयोग’ जैसे नवाचार शामिल है। उन्होंने पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोण्डागांव में अन्य शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही उत्कृष्ट शिक्षण पद्धतियों का भी उल्लेख किया।
मोबाइल पर बढ़ती निर्भरता पर चिंता
कोहली ने बच्चों में बहुत कम आयु से ही मोबाइल फोन तथा अन्य उपकरणों पर बढ़ती निर्भरता पर गम्भीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता कमज़ोर हो रही है।
कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कोहली के कार्य की सराहना की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने भी उनके प्रयासों की प्रशंसा की। कलेक्टर ने जिले के समस्त प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में इसी प्रकार की भूगोल प्रयोगशालाएँ स्थापित करने की दिशा में कार्य प्रारम्भ करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोण्डागांव जिले के समस्त सामाजिक विज्ञान, भूगोल, इतिहास एवं कला विषय के शिक्षकों के लिए एक कार्यशाला आयोजित की जाए, जिसमें श्री कोहली अपनी शिक्षण पद्धतियों एवं अनुभवों को साझा कर शिक्षकों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करेंगे।
कोहली ने इस उपलब्धि पर बधाई देने के लिए वन मंत्री केदार कश्यप के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोण्डागांव के प्राचार्य तथा केन्द्रीय विद्यालय संगठन प्रशासन का विशेष धन्यवाद किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
