
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग एक बार फिर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उठाई है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में इस मांग को एक बार फिर उठाया गया। राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष बनने को लेकर कहा है कि वो इस पर विचार करेंगे। राहुल गांधी ने कहा, “मैं विचार करूंगा.” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पार्टी नेताओं से विचारधारा के स्तर पर स्पष्टता की जरूरत है। कई नेताओं ने मांग की कि चुनाव तक उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाए।
बैठक को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,” सभी ने एक मत से प्रस्ताव रखा कि राहुल गांधी अध्यक्ष बने। हम सभी चाहते हैं कि राहुल गांधी हमारे अध्यक्ष बने लेकिन ये उन पर छोड़ा गया है।” कांग्रेस नेता अंबिका सोनी ने कहा,” सबलोग एकमत थे कि राहुल गांधी को प्रेसिडेंट बनना चाहिए। सभी वर्किंग कमेटी के सदस्यों ने एक मत होकर राहुल गांधी को प्रेसिडेंट बनाने की इच्छा जाहिर की है।” एंटनी समेत सभी नेताओं ने राहुल गांधी से अध्यक्ष बनने की अपील की है।
इधर, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा,” एआईसीसी अध्यक्ष का चुनाव 21 अगस्त 2022 से 20 सितंबर 2022 के बीच होगा। हमने 3 प्रस्ताव पारित किए हैं। राजनीतिक स्थिति पर, मुद्रास्फीति पर और तीव्र कृषि संकट के साथ भारत के किसानों पर हो रहे हमले को लेकर।
सोनिया गांधी ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। लखीमपुर खीरी की घटना का हवाला देते हुए सोनिया ने कहा कि इससे किसान आंदोलन को लेकर बीजेपी की सोच का पता चलता है। “लखीमपुर खीरी में चौंकाने वाली घटनाएं बीजेपी की मानसिकता को दर्शाती हैं। वह किसान आंदोलन को कैसे देखती है, किसानों द्वारा अपने जीवन और आजीविका की रक्षा के लिए इस दृढ़ संघर्ष से कैसे निपटती है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal