_
द सीजी न्यूज डॉटकॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में चाय और कॉफी की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि मंत्री की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ टी कॉफी बोर्ड का गठन किये जाने का निर्णय लिया है। उद्योग मंत्री छत्तीसगढ़ टी कॉफी बोर्ड के उपाध्यक्ष होंगे। बोर्ड में अतिरिक्त मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय, कृषि उत्पादन आयुक्त, प्रबंध संचालक सीएसआईडीसी, कृषि/उद्यानिकी और वन विभाग के एक-एक अधिकारी सहित दो विशेष सदस्य भी शामिल किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय कृषकों और प्रसंस्करणकर्ता लोगो को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए और राज्य में चाय-कॉफी की खेती को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ टी कॉफी बोर्ड का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी 3 वर्षों में कम से कम दस-दस हजार एकड़ में चाय व कॉफी की खेती करने का लक्ष्य अर्जित किया जाएगा। चाय और कॉफी की खेती करने वाले किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना व कृषि विभाग की अन्य सुविधाएं दी जाएगी।

राज्य के उत्तरी भाग, विशेषकर जशपुर जिले में चाय और दक्षिणी भाग, विशेषकर बस्तर जिले में कॉफी की खेती व उनके प्रसंस्करण की व्यापक संभावनाएं हैं। इसमें उद्यानिकी एवं उद्योग विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों से तकनीकी मार्ग दर्शन लेने के साथ ही निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों, निवेशकों और कन्सल्टेंट्स की सहायता भी ली जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal