
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
शहर विधायक अरुण वोरा ने आज पोलसाय पारा वार्ड क्रमांक 27 की गली मोहल्लों में जनसुविधाओं का जायजा लिया। वार्ड के नागरिकों ने विधायक को समस्याएं बताते हुए कहा कि नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होता है। जनसमस्याओं की जानकारी लेने के बाद वोरा ने नगरीय प्रशासन विभाग की सेक्रेटरी अलरमेलमंगई डी से फोन पर चर्चा करते हुए नगर निगम की लापरवाह कार्यप्रणाली की शिकायत की।
वोरा ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली में काफी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि निगम कमिश्नर सहित सभी विभागीय अफसरों को राजधानी बुलाकर कामकाज में कसावट लाने के निर्देश दें। अलरमेलमंगई डी ने वोरा को आश्वस्त करते हुए कहा है कि नगर निगम के कामकाज में सुधार किया जाएगा। इस संबंध में शीघ्र ही निगम कमिश्नर सहित अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये जाएंगे।

वोरा ने पोलसाय तालाब का निरीक्षण भी किया। तालाब में कचरा भरा होने पर वोरा ने नाराजगी जताई। नागरिकों ने बताया कि वार्ड में पेयजल सप्लाई अनियमित है। नल चालू बंद होने का समय निश्चित नहीं है। वार्ड के नागरिकों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। पोलसाय पारा वार्ड के बगल में वार्ड 28 के कई नलों से टोंटियां गायब हैं। नल की जगह पाइपलाइन का छेद ही दिख रहा है। नागरिकों ने बताया कि किसी ने पाइप चोरी कर लिया, जिसके कारण जमीन के लेवल पर पानी बहता है। पता ही नहीं चल पाता कि नल खुला है या नहीं। सड़क पर पानी बहने से पता चल पाता है कि नल खुला है। प्लास्टिक के पाइप लगाकर पानी भरना पड़ता है।

वोरा ने कमिश्नर को नसीहत दी : योजनाएं कागजों में न चले : कामकाज में तेजी लाना जरूरी
वोरा ने निगम कमिश्नर से कहा है कि कागजों में योजनाएं न चले। योजनाओं को अमली जामा पहुंचाने का काम शीघ्रता से किया जाना चाहिए। वोरा रोज सुबह वार्डों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान हर दिन उन्हें नागरिकों से पेयजल समस्या, सफाई न होने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदहाल होने और तालाब आदि में गंदगी की शिकायतें मिल रही है। वोरा ने इन सभी समस्याओं का निराकरण न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। वोरा ने साफ कहा है कि अधिकारी दफ्तर में न बैठें बल्कि फील्ड में रहकर काम करें। जनसमस्याओं का निराकरण करना जरूरी है। शहर के नागरिकों को हर हाल में जन सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम का काम है। यह काम सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा किया जाना चाहिए। वार्ड भ्रमण के दौरान वार्ड पार्षद मनीष बघेल, भोला महोबिया, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पाली, शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष आयुष शर्मा, मासूब अली, राजेश कुमार, गौरव उमरे, कुलवंत भाटिया, छाया चौधरी सहित कांग्रेस जन व निगम अधिकारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal