
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
श्री धन्वन्तरी जेनरिक मेडिकल स्टोर योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में अफसरशाही हावी होने पर आज दुर्ग में जनप्रतिनिधियों की नाराजगी फूट पड़ी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जेनेरिक दवाई दुकान के वर्चुअल शुभारंभ अवसर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित होकर अफसरों को खरी-खोटी सुना दी। उन्होंने साफ कहा कि राज्य शासन की शानदार योजना के लिए न तो बेहतर तरीके से तैयारी की गई, न प्रचार प्रसार किया गया। जनप्रतिनिधियों ने अफसरों पर मनमाने तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने का आरोप भी लगाया।

… हक्के बक्के रह गए विधायक … पार्षदों ने जताया रोष … अफसरों को सुनाई खरीखोटी
वर्चुअल शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल सहित सभी एमआईसी मेंबर और अन्य जनप्रतिनिधि निर्धारित समय से पहले नलघर कॉम्पलेक्स पहुंच गए थे। वर्चुअल शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव, बिलासपुर सहित अन्य निकायों के विधायक, महापौर व अन्य जनप्रतिनिधियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत भी की। दुर्ग नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम स्थल को जैसे ही सीएम हाउस से कनेक्ट किया गया, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने माइक हाथ में लिया और संक्षेप में अपनी बात कहते हुए सीधे एक हितग्राही को माइक थमा दिया। हितग्राही की आवाज न आने पर दुर्ग में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम सीएम हाउस से डिस्कनेक्ट हो गया।

दो मिनट से भी कम समय में हुए इस घटनाक्रम से विधायक अरुण वोरा हक्के बक्के रह गए। वोरा के साथ महापौर धीरज बाकलीवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अव्यवस्था के लिए अफसरों को खरीखोटी सुना दी। कई पार्षदों ने कहा कि न तो योजना का प्रचार प्रसार किया गया, न जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर काम किया गया। कांग्रेसियों ने कार्यक्रम स्थल पर काफी देर से मौजूद विधायक, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति अफसरों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा अफसरों ने पहले से तय नहीं की। एमआईसी मेंबर, पार्षद व कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम शुरू होने के काफी देर बाद कलेक्टर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और विधायक, महापौर को उद्गार व्यक्त करने का मौका तक नहीं दिया। अफसरशाही को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी की कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक चर्चा होती रही।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal