
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ पाटन में नीट की तैयारी के लिए कक्षाएं शुरू की जाएंगी। यहां बच्चों को रहवासी सुविधा भी मिल सकेगी। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने शिक्षा अधिकारी की समीक्षा बैठक में दिये। यह सुविधा 100 छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध होगी। आज समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कोचिंग सुविधा कार्ययोजना बनाकर अन्य शहरों में भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि जिला मुख्यालय से दूरस्थ जगहों में रहने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को करियर का बेहतर अवसर मिल सके।
कलेक्टर ने बैठक में एनडीए आदि की कोचिंग के संबंध में जानकारी ली। डीईओ ने बताया कि एनडीए की परीक्षा के लिए लड़कियों को भी कोचिंग दी जा रही है और अभी 26 लड़कियां इसकी कक्षाएं ले रही हैं। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना काल की वजह से कुछ बच्चों को लर्निंग डिफिकल्टी आई है। इस गेप को दूर करना होगा। इसके लिए सामान्य कक्षाओं के साथ ही विशेष कक्षाएं भी आयोजित करना होगा ताकि बच्चों की दिक्कत दूर हो सके। कलेक्टर ने छोटे बच्चों के शिक्षा स्तर की भी समीक्षा की। इस संबंध में सोमवार को सभी प्राचार्यों और हेडमास्टरों की बैठक लेकर समीक्षा करने के निर्देश दिये।
दसवीं और बारहवीं के लिए वीकली टेस्ट
जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल ने बताया कि हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी कक्षाओं के वीकली टेस्ट लिये जा रहे हैं। सभी स्कूलों में वीकली टेस्ट के नतीजों की समीक्षा भी की जा रही है। कलेक्टर ने कहा कि परिणामों का बारीकी से अध्ययन करें और जिन स्कूलों में नतीजे खराब रहे हैं, वहां इसके कारणों की पड़ताल कर बच्चों का परफार्मेंस सुधारने की दिशा में प्रयास करें।
दिव्यांग बच्चों के लिए बनाए विशेष प्लान
स्कूलों में लगातार दिव्यांग बच्चों का सर्वे किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि इनकी बेहतर पढ़ाई के साथ ही इनके इलाज का भी प्लान बनाएं। इसके लिए उन्होंने सात दिनों में कार्ययोजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को दिव्यांगता से बाहर लाने का कार्य सबसे प्राथमिकता का है। इसकी लगातार मानिटरिंग करते रहें। सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही समस्या के जड़ पर काम करते हुए इसके निदान की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal