
- ढोल, नगाड़े एवं राऊत नाचा के साथ गौठान में रहा खुशी और उत्सव का माहौल
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / जिले में सभी विकासखंडों में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आज गौठान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम अंजोरा के वृंदावन गौठान में पारंपरिक विधि विधान से गौ पूजा की और गायों को खिचड़ी खिलाई। गौठान में ढोल, नगाड़े और राऊत नाचा के साथ धूमधाम से गोवर्धन पूजा का त्यौहार मनाया गया। ग्रामवासियों ने पैरादान करने का संकल्प लिया।

ओम सांई नाथ और जय बाबा कुटी स्वसहायता समूह की महिलाओं ने गौ पूजा की। इस अवसर पर दूध, दही खा के माखन चोर कहायो…, नंद बाबा के नौ लाख गईया…, वृंदावन के कुंज गलियन में सखियन शोर मचाये…, जय-जय सीताराम… जैसे गीतों से गौठान में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर उपसंचालक कृषि जीएस धुर्वे, उप संचालक पशुपालन डॉ. राजीव देवरस, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता, जनपद सीईओ एसके ओझा, मनरेगा के फैज मेनन, बीपीएम सुशील श्रीवास्तव, सरपंच अंजु साहू, सचिव आशुतोष राजपूत, पंच और सभापति गौठान समिति संदीप साहू, भूषण साहू, एडीओ बलबीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal