Breaking News

सिरेमिक आर्ट की बारीकियां सीख कर अपनी कला निखार रहे हैं प्रदेश भर के कलाकार

  • ”मातर” कार्यशाला में चीनी मिट्टी के साथ कला साधना में डूबे शिल्पकार

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

भिलाई। रामरक्षा फाउंडेशन भिलाई द्वारा आयोजित चीनी मिट्टी कला (सिरेमिक आर्ट) पर तीन दिवसीय विशेष कार्यशाला ”मातर” में दूसरे दिन प्रदेश भर के शिल्पकारों ने अपनी कला को निखारा। अनुभवी व बुजुर्ग शिल्पकारों से चीनी मि्टटी कला सीखने के साथ ही उन्होंने अपनी कला और अनुभव शेयर किया। लेमन सिरेमिक स्टूडियो स्ट्रीट-2 मैत्री कुंज पश्चिम रिसाली में आयोजित कार्यशाला में कुल 25 शिल्पकार शामिल हुए हैं। मध्यप्रदेश शासन के शिखर सम्मान से अलंकृत वरिष्ठ शिल्पकार निर्मला शर्मा द्वारा विशेष मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

यहां आए सभी कलाकार एक से बढ़ कर एक कलाकृतियों का निर्माण कर रहे हैं। सुंदर बास्केट बना रही युवा कलाकार आरती पंचच्चरी ने बताया कि यहां आने के बाद उन्हें काफी सीखने मिल रहा है। टेलीफोन की आकृति को मूर्त रूप दे रहे धनंजय पाल और अनूठे शिल्प के निर्माण में लगे कमलेश कुर्रे का कहना है कि ऐसी कार्यशालाएं निश्चित तौर पर युवाओं के लिए मार्गदर्शक साबित होगी। करुणा सिद्धार्थ रायगढ़ द्वारा पुस्तक की आकृति बनाई जा रही है, वहीं श्रुति राठी शो पीस डिजाइन बना रही हैं।

स्टूडियो में सुरेश कुमार कुंभकार सजावटी घरेलू कलाकृति नर्तकी के एक पैर को सुंदर रूप दे रहे हैं। युवा श्रमिक कलाकार पंखुड़ी पाड़ा गांधीजी के तीन प्रसिद्ध बंदरों की कलाकृति को अंतिम रूप दे रही हैं। भोपाल से आई वरिष्ठ शिल्पकार निर्मला शर्मा अपनी कलाकृति पॉटरी को वर्ली पेंटिंग ग्रामीण शैली में पेंट कर रही हैं। चिरायु कुमार सिन्हा अपनी प्रसिद्ध कलाकृति छमिया का पुनर्निर्माण कर रहे हैं जो कि पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसकों द्वारा सराही गई कलाकृति है। विजया त्रिपाठी ने अपनी कलाकृति के साथ चौकोने आकार में एक पात्र का निर्माण किया है, जिसमें प्रकृति के रंगों से सजा पात्र एक ग्रामीण सभा का रूप दिखाता है।

कार्यशाला में बलदेव मंडावी कोंडागांव, भानू प्रकाश बालोद, चंदर पांजरे खैरागढ़, चिरायु कुमार सिन्हा कुरुद, धनंजय पाल भिलाई, धरम नेताम खैरागढ़, हुकुमलाल वर्मा नवेगांव, करुणा सिद्दर रायगढ़, खुशबू खैरागढ़, कुलेश्वर राम कुरुद, मनीषा वर्मा खैरागढ़, मनोज कुर्रे दुर्ग, मीनाक्षी वर्मा खैरागढ़, मोहन बराल भिलाई, पार्थ नेताम खैरागढ़, प्रियांशा जग्गी रायपुर, राजेन्द्र सुनगरिया भिलाई, रविकांत चंद्राकर कुरुद, शिव प्रसाद चौधरी खैरागढ़, श्रुति राठी भिलाई, सुरेश कुम्भकार बालोद और योगेन्द्र त्रिपाठी भिलाई शामिल हुए हैं और अपनी कला को निखार रहे हैं। तीन दिवसीय कार्यशाला का समापन 8 नवंबर की शाम को होगा।

Check Also

आस्था वृद्धाश्रम में नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय-भोजनालय का सांसद विजय बघेल ने किया लोकार्पण

THE CG NEWS कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं विशिष्ट अतिथि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!