
- छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री
- राजीव गांधी किसान न्याय योजना से खेती अधिक लाभकारी बनेगी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर के समीप नरदहा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत छत्तीसगढ़ में खरीफ की विभिन्न फसलों के लिए 9 हजार और धान के रकबे में अन्य फसल लेने पर 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से किसानों को अनुदान राशि दी जा रही है। इससे किसानों की आय में वृद्धि होने से खेती ज्यादा लाभकारी बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में छत्तीसगढ़ के किसानों को धान की सबसे अधिक कीमत मिल रही है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के नवनिर्वाचित केंद्रीय अध्यक्ष चोवाराम वर्मा सहित नवनिर्वाचित राजप्रधानों ने भी शपथ ग्रहण किया। समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सामाजिक पत्रिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुर्मी समाज के पुरखों और विभूतियों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा और समाज सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। यह समाज मूलतः कृषक समाज है और स्वतंत्रता आंदोलन, राज्य निर्माण के साथ खेती किसानी को बढ़ावा देने में इस समाज का बड़ा योगदान रहा है। राज्य शासन ने डॉ खूबचंद बघेल के नाम पर स्वास्थ्य योजना, स्वामी आत्मानंद के नाम पर उत्कृष्ट शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल की योजना शुरू की है। इसी तरह डॉ नरेंद्र वर्मा द्वारा रचित गीत ‘अरपा पैरी के धार…” को राजगीत घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में रासायनिक खाद की कमी है। हमारे देश में करीब 38 लाख मैट्रिक टन रसायनिक खाद की जरूरत है, लेकिन देश में अभी करीब 18 लाख मैट्रिक टन रासायनिक खाद का ही उत्पादन हो पा रहा है। छत्तीसगढ़ के गौठानो में बने वर्मी और कंपोस्ट खाद के माध्यम से खेती किसानी को बढ़ावा मिला है। इससे जमीन को उर्वर बनाने और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिली है। जरूरी है कि हमारे किसान और ग्रामीण भविष्य में भी वर्मी खाद और कंपोस्ट खाद का उत्पादन बढ़ाएं और उसका उपयोग करें। इससे रासायनिक खाद से होने वाली कमी से उनके खेत प्रभावित नहीं होंगे। मुख्यमंत्री ने किसानों से पैरादान करने और उतेरा फसल को बचाने के लिए अपने जानवरों को खुला चरने के लिए बाहर न छोड़ने की अपील की।
समारोह में राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने कहा कि शपथ लेने वाले सभी पदाधिकारियों के साथ समाज के सभी सदस्यों की भी जिम्मेदारी है कि वे समाज को आगे बढ़ाएं । उन्होंने महिलाओं की समानता और आगे बढ़ाने की पैरवी भी की। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में शपथ लेने के बाद चोवाराम वर्मा ने कहा कि इस समाज ने देश को अनेक गौरवशाली विभूतियां दी है ,उनसे सभी को प्रेरणा लेने और सहयोग से आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने नरदहा के बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अनंत राम बरछिया के नाम पर करने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में अनिल नायक को भी सम्मानित किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal