
- मुख्यमंत्री ने भिलाई चरौदा में 41 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगर निगम भिलाई -चरोदा में 41 करोड रुपए के निर्माण कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन करते हुए भिलाई-3 के मिनी स्टेडियम को स्टेडियम के रूप में अपग्रेड करने की घोषणा की। इसके अलावा चरौदा के फुटबॉल स्टेडियम में सीटिंग व्यवस्था, कुंद्रापारा के विस्थापित लोगों को पट्टा प्रदान करने और स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तेजी से अधोसंरचना विकास के कार्य किए जा रहे हैं। देशभर में विविध क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ अग्रणी रहा है। चाहे वह स्वच्छता का क्षेत्र हो, वनोपजों की खरीदी का क्षेत्र हो या वाटर रिचार्जिंग का विषय हो। विकास के मामले में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में देश भर में स्वच्छता के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले नगरीय निकायों के लिए स्वच्छता पुरस्कारों की घोषणा राष्ट्रीय स्तर पर की गई है। यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि छत्तीसगढ़ के सबसे ज्यादा नगरीय निकायों को स्वच्छता पुरस्कार राष्ट्रपति के हाथों 20 नवम्बर को दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोधन न्याय योजना के माध्यम से तेजी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नगरीय अधोसंरचना के विकास के लिए तेजी से प्रयास किये गए हैं। भविष्य में भी भिलाई 3 के विकास के लिए हर संभव मदद शासन द्वारा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली, तीजा, छठ जैसे त्योहारों में अवकाश आरंभ किया है और अब छेरछेरा भी अवकाश की श्रेणी में शामिल हो गया है। छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य है, जिसने गोबर से बिजली बनाने की दिशा में भी पहल की है और गैर परंपरागत ऊर्जा के क्षेत्र में नया प्रयोग करने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्य है। कोरोना संक्रमण को रोकने और मरीजों के उचित उपचार के लिए राज्य में युद्ध स्तर पर कार्य किए गए। विशेषकर दुर्ग जिले में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के नेतृत्व में प्रशासन ने अच्छा कार्य किया।
मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भिलाई-चरौदा को बड़ी सौगात दी है। ट्रांसपोर्ट नगर के माध्यम से विकास की नई राह खुलेगी। इसके साथ ही दो तहसीलों का निर्माण उनके कार्यकाल में हुआ है। अब भिलाई 3 और अहिवारा के लोगों को दुर्ग या पाटन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री से जब भी भिलाई 3 के लिए विकास कार्यों के लिए राशि की मांग की गई है, उन्होंने हमेशा इसके लिए स्वीकृति दी है। उनके मार्गदर्शन में नगर निगम भिलाई-चरौदा तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर और नगरीय प्रशासन मंत्री श्री शिव डहरिया व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने नगर निगम भिलाई-चरोदा में विकास कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal