Breaking News

राज्य के सभी नगरीय निकायों में अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विकास के लिए शासन लगातार कर रही कार्य – मुख्यमंत्री

  • मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से खैरागढ़ नगर पालिका परिषद के लिए 5 करोड़ रुपए की लागत से 40 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राजनांदगांव / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में 5 करोड़ रुपए की लागत से 40 विकास कार्यों का वर्चुअल मोड में लोकार्पण-भूमिपूजन किया। इसके अंतर्गत 1 करोड़ 96 लाख 53 हजार रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण, 1 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से मिनी स्टेडियम, 80 लाख रुपए की लागत से खेल मैदान, 28 लाख 47 हजार रुपए की लागत से नाली निर्माण और 57 लाख रुपए की लागत से अन्य निर्माण कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पिछले 3 वर्षों के दौरान राज्य के सभी नगरीय निकायों में अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विकास के लिए शासन द्वारा लगातार कार्य किये जा रहे हैं। कोरोना संकट के दौरान विकास कार्य को कम नहीं होने दिया गया। ग्रामीण विकास के साथ-साथ नगरीय विकास की उपलब्धियां हासिल हुई है। सभी नगरीय निकायों में विकास के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य किया गया। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छतम राज्य होने का परचम लहराया है। स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाले 239 पुरस्कारों में 67 पुरस्कार छत्तीसगढ़ को हासिल हुए हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सबसे बड़ा श्रेय स्वच्छता दीदीयों को जाता है, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। शहर को सुन्दर बनाने के साथ-साथ शहरों में रहने वाले लोगों के जीवन को सुन्दर बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए समान दृष्टि से कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा के वाक्यांश को तीन वर्षों के दौरान बार-बार साबित किया है। छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना में 2 रुपए किलो में गोबर खरीदने वाला पहला राज्य है। गोबर के साथ-साथ बिजली उत्पादन करने, गांव-गांव में गौठान बनाकर उन्हें रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित करने, रोजगार के अवसर निर्माण करने वाले सुराजी गांव योजना, बच्चों का कुपोषण और माताओं में एनीमिया को अभियान चलाकर सफलता प्राप्त करने वाला पहला राज्य है। छत्तीसगढ़ लैंगिक समानता में सबसे अग्रणी है। तृतीय लिंग को शासकीय नौकरी में भर्ती करने वाला पहला राज्य है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां तभी हासिल होती है, जब विकास को लेकर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाता है। इस संवेदनशीलता का परिणाम है कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जैसी अनूठी योजना छत्तीसगढ़ में संचालित हो रही है। महतारी दुलार योजना का संचालन करके छोटे-छोटे बच्चों को सहारा दिया है। स्लम स्वास्थ्य योजना प्रारंभ करके स्लम बस्ती तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाई गई है। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के संचालन से ग्रामवासियों को स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। माताओं और बहनों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए दाई-दीदी क्लीनिक योजना शुरूआत की है। हितग्राहियों को आधे से कम कीमत में दवाईयां उपलब्ध कराने धनवंतरी मेडिकल स्टोर योजना शुरू की गई है। विकासखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक सभी शासकीय अस्पताल को सर्वसुविधा संपन्न बनाया जा रहा है। डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के साथ-साथ उपकरणों की कमी को भी दूर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा गया है। घर-घर तक पीने का साफ पानी पहुंचाने के लिए अमृत मिशन के अंतर्गत लगातार अधोसंरचनाओं को मजबूत करते हुए घर-घर नल कनेक्शन पहुंचा रहे हैं। युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अच्छे खेल मैदान, उद्यान और लायब्रेरी की व्यवस्था की गई है। शहरों में बसे गरीबों के दर्द को समझते हुए राजीव आश्रय योजना के अंतर्गत लगातार पट्टा का वितरण किया जा रहा है। नागरिक सुविधाओं के विकास और अधोसंरचना के साथ-साथ शहरों में उद्योग, व्यापार के क्षेत्र में भी लगातार तरक्की की है। कोरोना संक्रमण में भी बाजारों की रौनक कम नहीं हुई थी। इस दीपावली में ऑटो मोबाईल सेक्टर में पिछले साल की तुलना में 18 प्रतिशत का उछाल आया है। गांवों में विकास के माध्यम से शहरों का जनजीवन सुधर रहा है। शहर की जड़ें गांव ही होते है।
इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान, कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डी श्रवण, जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम, एसडीएम लवकेश ध्रुव, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, पदम कोठारी,  भीखमचंद छाझड़, मीरा चोपड़ा, यशोदा वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व नागरिकगण वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!