Breaking News

जेआरडी स्कूल बनेगा स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल : रिनोवेशन के लिए डीएमएफ से मिलेगी राशि

  • सोनपुर में कुम्हारों के लिए ग्लेजिंग यूनिट, महत्वपूर्ण चौक-चौराहों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे के भी प्रपोजल, डीएमएफ में प्रपोजल

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग / जिले के सबसे प्रतिष्ठित स्कूलों में से एक शासकीय झाड़ूराम देवांगन स्कूल को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस स्कूल को आधुनिक सुविधाओं के साथ रिनोवेट किया जाएगा। डीएमएफ के माध्यम से राशि दी जाएगी। यह निर्णय कलेक्टर और डीएमएफ शासी परिषद के अध्यक्ष डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में सोनपुर में कुम्हारों के लिए ग्लेजिंग यूनिट के लिए भी राशि देने का प्रस्ताव रखा गया।

डीएमएफ की शासी परिषद में सांसद को भी सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने आज बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने सुरक्षा को मजबूत करने महत्वपूर्ण चौक-चौराहों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का प्रस्ताव रखा। बैठक में लगभग 19 करोड़ के कार्य रखे गए। सोनपुर में माटी कला बोर्ड के अंतर्गत बनने वाले ग्लेजिंग यूनिट में भी सहायता राशि का प्रस्ताव रखा गया। इनमें कृषि, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रस्तावों के लिए बड़ी राशि दी गई।

शिक्षा के क्षेत्र में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के छात्र-छात्राओं को करियर में अधिक मोटिवेट करने व उन्हें उचित राह दिखाने के लिए कैरियर पुस्तिका प्रकाशित करने और वितरण करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जिले के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में करियर मार्गदर्शन के लिए 1 शिक्षक को प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया। विद्यालय में एक्जामिनेशन एलर्ट समिति भी बनेगी। शहरी क्षेत्रों में भवन विहीन 50 आंगनबाड़ी के निर्माण का निर्णय लिया गया। इसमें लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। कुपोषित बच्चों के लिए प्रोटीन युक्त अतिरिक्त आहार उपलब्ध कराने भी बजट राशि रखी गई। कृषि में उतेरा फसल के लिए चयनित किसानों को बीज उपलब्ध कराने 12 लाख रुपए की राशि खर्च करने का निर्णय लिया गया। छात्रावासों में बच्चों की खेल संबंधी जरूरतों और लाइब्रेरी आदि आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि इस बार डीएमएफ के माध्यम से जिले को प्राप्त होने वाली राशि का प्रतिशत बढ़ा है। इससे जिले को अतिरिक्त राशि मिल पाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, भिलाई निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!