
- भिलाई, चरोदा, रिसाली, बीरगांव सहित प्रदेश के 15 नगरीय निकायों में होने हैं आम चुनाव
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में आगामी नगरीय निकाय निर्वाचन के मद्देनजर 23 नवंबर को महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है। निर्वाचन आयुक्त श्री ठाकुर राम सिंह ने बताया कि 10 जिलों के 15 नगरीय निकायों में आम चुनाव कराए जाएंगे। बैठक में नगरीय निकायों में आम निर्वाचन के दौरान आदर्श आचरण संहिता, प्रशासनिक, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था और कोविड 19 गाइडलाइन के परिपालन के संबंध में चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिवों और दस जिलों रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव, बेमेतरा, बिलासपुर, रायगढ़, कोरिया, सूरजपुर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे। इस बार कोविड 19 से बचाव के साथ निर्वाचन सम्पन्न कराना बड़ी चुनौती है। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की जाएगी। सभी 10 जिलों में कोविड 19 से बचाव के सभी उपाय सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिकता है।
प्रदेश के चार नगर पालिक निगमों – बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली, पाँच नगर पालिका परिषदों- सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर चर्चा, जामुल, खैरागढ़ और छह नगर पंचायतों- प्रेमनगर, मारो, नरहरपुर, कोंटा, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम में आम चुनाव कराने की तैयारी राज्य निर्वाचन आयोग ने तेज कर दी है। इसी संबंध में अब निर्वायन आयोग द्वारा 10 जिलों के कलेक्टर और एसपी की बैठक ली जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal