
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
सूरजपुर/ एनएचएम भर्ती पृक्रिया में हुए दस्तावेज परीक्षण के दौरान 36 आवेदकों के प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर एनएचएम भर्ती प्रक्रिया के लिए चयन समिति का गठन किया गया था, जिसमें 36 आवेदकों के अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। राज्य स्वास्थ्य संसाधन केंद्र के प्रतिवेदन के आधार पर मितानिन के 33 अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी निकले। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बिलासपुर के प्रतिवेदन में 3 कार्य अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। फर्जी प्रमाण पत्र धारक अभ्यर्थियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल रायपुर से उनके नर्सिंग पंजीयन निरस्त करने के संबंध हेतु लेख किया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक से मिली जानकारी के अनुसार 6 अक्टूबर को 78 पदों पर मौखिक साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन सहित जिला चिकित्सालय में बुलाया गया था। पद क्रमांक 1,2,3,व 4 नर्सिंग ऑफिसर (एनएचएम), नर्सिंग ऑफिसर (ईसीयू), द्वितीय एएनएम (एनएएम), एएनएम (आरबीएसके) भर्ती पदों के लिए फर्जी प्रमाण पत्र संलग्न कर आवेदन किया गया था। जिला चयन समिति द्वारा आशंका व विद्यार्थियों के आवेदन पर आपत्ति जताई गई थी। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह द्वारा जांच समिति का गठन किया गया, जिसमें फर्जी मितानिन व कार्य अनुभव प्रमाण पत्र का राज्य स्वास्थ्य संसाधन केंद्र छत्तीसगढ़ रायपुर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बिलासपुर छत्तीसगढ़ से सत्यापन कराया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal