
- किसानों की समस्याओं का संवेदनशीलता से करें निराकरण
- जिले में इस साल 2 लाख 12 हजार से अधिक किसान बेचेंगे अपना धान
- किसान धान खरीदी के संबंध में टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर कर सकते शिकायत
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / आगामी 1 दिसम्बर से शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा करने कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों की बैठक में सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि किसानों को अपना धान बेचने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीदी शासन का सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
इस साल 145 धान खरीदी केन्द्रों में लगभग 80 लाख क्विंटल धान की खरीदी होने की संभावना है। पिछले साल 1 लाख 96 हजार किसानों ने धान का विक्रय किया था। इस साल 2 लाख 12 हजार 615 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इस वर्ष किसानों की संख्या और धान की मात्रा में बढ़ोत्तरी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी धान खरीदी केन्द्रों में व्यवस्था होनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन किसानों ने पिछले साल धान विक्रय किया था और इस साल धान की फसल लगाया हैं। अगर त्रुटिवश साफ्टवेयर में रकबा शून्य दिखाता है तो इसे सुधार कर धान का क्रय किया जाएगा। किसानों को इसमें दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले पटवारी सोसायटी में जाकर मिलान करें। जिन किसानों का रकबा शून्य दिखा रहा है उसे जांच कर सुधार किया जाए। किसानों की समस्याओं को संवेदनशीलता और सहजता से निराकरण करना राजस्व अधिकारियों का प्रमुख कार्य है। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में बारदाना, पानी, छाया, ड्रेनेज, आद्र्रतामापी यंत्र, कांटा-बांट सहित सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि किसान पहले दिन से ही अपने बारदाने में धान का विक्रय करेंगे। उन्हें 25 प्रतिशत बारदाना लाना होगा। खुद के बारदाने वाले किसानों को धान खरीदी में प्राथमिकता दी जाएगी। किसानों को 18 रुपए प्रति बारदाना की दर से भुगतान किया जाएगा। धान के भुगतान के साथ ही बारदाने की राशि भी प्राप्त होगी। किसानों द्वारा लाए जा रहे बारदानों का रिकार्ड रखकर एन्ट्री करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि पीडीएस और स्वसहायता समूह से बारदाना एकत्रित कर एन्ट्री करना सुनिश्चित करें। धान खरीदी केन्द्र में प्रारंभ से ही धान का उठाव किया जाएगा, जिससे जाम होने की स्थिति नहीं होगी। धान खरीदी के समय धान की गुणवत्ता, नमी पर विशेष ध्यान रखा जाए। धान को चबूतरे पर ड्रेनेज बनाकर स्टेकिंग कर रखा जाए। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। शिकायत मिलने पर राजस्व अधिकारी इसकी जांच करेंगे और समस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों और जिले से धान नहीं आना चाहिए। चेक पोस्ट और कोचियों पर कड़ाई से निगरानी रखें। अवैध धान पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई करें। सभी राजस्व अधिकारी धान खरीदी केन्द्रों का लगातार निरीक्षण करें।
कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों से कहा कि ईमानदारी पूर्वक धान की खरीदी की जाए। धान खरीदी केन्द्र में धान का समर्थन मूल्य, टोल फ्री नंबर, टोकन और खरीदी के लिए ग्रामवार दिन की सूची सहित अन्य जानकारी होनी चाहिए। 29 नवम्बर से टोकन काटना शुरू किया जाएगा। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, उप संचालक कृषि जीएस धुर्वे, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के महाप्रबंधक सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम, समिति प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी जुड़े रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal