
- मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर मुलाकात के लिए तिथि और समय निर्धारित करने का किया अनुरोध
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने मंत्रिमण्डल के सभी सदस्यों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें राज्य के किसानों और उसना मिल मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराएंगे। प्रधानमंत्री से छत्तीसगढ़ मंत्रिमण्डल के मुलाकात के लिए मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर तिथि व समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है।
मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यगण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रूबरू भेंटकर धान उपार्जन से संबंधित विषयों पर चर्चा और अनुरोध करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रमुख सचिव से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों की प्रधानमंत्री से भेंट के लिए तारीख व समय का निर्धारण करने का अनुरोध किया है।
वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में खाद्य विभाग से छत्तीसगढ़ प्रदेश में केन्द्रीय पूल के अंतर्गत शतप्रतिशत अरवा चावल (61.65 लाख मीटरिक टन) उपार्जन करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। बीते वर्षों में राज्य से उसना चावल भी लिया जाता रहा है।इस फैसले से राज्य में स्थापित 416 उसना मिलों के संचालन और उनमें कार्यरत मजदूरों के जीवन यापन में कठिनाई होगी। राज्य के कृषकों द्वारा उत्पादित ऐसा धान जिससे केवल उसना चावल बन सकता है, के निराकरण में भी कठिनाई हो सकती है।जूट कमिश्नर से बारदानों की पर्याप्त सप्लाई भी समय पर नहीं हो रही है। इन्हीं विषयों पर चर्चा और अनुरोध के लिए पीएम से समय मांगा गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal