
- कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र अंजोरा, सोमनी और बघेरा का किया निरीक्षण : धान खरीदी की तैयारियों का लिया जायजा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आगामी 1 दिसम्बर से प्रारंभ होने वाले धान खरीदी के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेने आज धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजनांदगांव विकासखंड के धान खरीदी केन्द्र अंजोरा, सोमनी और बघेरा में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी में किसी भी किसान को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। धान खरीदी केन्द्र में बारदाना, ड्रेनेज, आर्द्रता मापी यंत्र, कांटा-बांट का सत्यापन सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं होनी चाहिए। ताकि, धान खरीदी के दौरान किसानों को कोई परेशानी न हो।

कलेक्टर ने कहा कि पहले दिन से ही किसानों के बारदाने में धान की खरीदी की जाए। धान उठाव के लिए वाहन के आने-जाने के लिए रास्ता सुव्यवस्थित हो। उन्होंने केन्द्रों में प्रतिदिन खरीदी करने वाले धान की मात्रा की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के महाप्रबंधक सुनील वर्मा, खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, जनपद सीईओ एसके ओझा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal