
- माटरा की स्वसहायता समूह की महिलाओं ने सब्जियों की बाड़ी तैयार की, अगले कुछ महीने तक नियमित रूप से आने लगेगी फसल, डेढ़ लाख रुपए की आय की उम्मीद
- डीएमएफ की राशि से मिला ड्रिप, हार्टिकल्चर मिशन से बारह हजार रुपए का अनुदान मिला

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / माटरा की महिलाएं स्वावलंबन की राह पर चल पड़ी हैं। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बीते दिनों अपनी बाड़ी के डेढ़ एकड़ हिस्से में बैंगन के बीज उद्यानिकी विभाग की मदद से रोपे थे। दो दिन पहले बैंगन की पहली खेप निकली और इसे धमधा के बाजार में बेचा गया। उन्हें पांच हजार रुपए की आय हुई। आने वाले दिनों में कई सप्ताह तक नियमित रूप से बैंगन की खेप आएगी। उम्मीद है कि स्वसहायता समूह की महिलाएं इनके माध्यम से लगभग डेढ़ लाख रुपए तक आय अर्जित कर सकेंगी।
राज्य शासन के नरवा-गरवा-घुरूवा-बाड़ी योजना का महत्वपूर्ण कंपोनेंट बाड़ी है। दुर्ग जिले में बाड़ियों में कार्य कर रही स्वसहायता समूहों को बेहतर अवसर देने के लिए डीएमएफ के माध्यम से ड्रिप की सहायता दी जा रही है। ग्राम माटरा में डीएमएफ के माध्यम से ड्रिप इरीगेशन के लिए एक लाख 69 हजार रुपए की सहायता दी गई। 12 हजार रुपए की सहायता राशि हार्टिकल्चर मिशन के माध्यम से दी गई जो बैंगन जैसी सब्जी के उत्पादन के लिए प्रोत्साहन स्वरूप मिलती है।
स्वसहायता समूह की महिला रीना साहू ने बताया कि हमें उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने प्रशिक्षण भी दिया। उद्यानिकी अधीक्षक अशोक साहू नियमित रूप से आते रहे और हमारा मार्गदर्शन करते रहे। बैंगन की फसल से सहायता मिल रही है। मिर्च और जिमीकंद की फसल भी लगाई गई है। आधा क्विंटल मिर्ची का उत्पादन कर बाजार में बेच दिया है। रीना साहू ने बताया कि यह आगे बढ़ने की दिशा में छोटा सा कदम है। बैंगन लगाकर मेहनत का परिणाम बेहद सुखद है। इससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ गया। ड्रिप आदि आधुनिक तरीकों से खेती करने पर भी हमें भरोसा बढ़ा है।
जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन ने बताया कि कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के मार्गदर्शन में निजी बाड़ियों और सामुदायिक बाड़ियों को विकसित करने की दिशा में कार्ययोजना पर लगातार काम किया जा रहा है। इस बार भी डीएमएफ के माध्यम से बड़ी राशि कृषि के विकास के लिए रखी गई है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को विकसित करने में और सुदृढ़ बनाने में सहयोग मिल सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal