Breaking News

कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से दहशत : यूरोपियन देशों में तेजी से फैला : केंद्र सरकार ने राज्यों को अलर्ट किया

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ को लेकर दुनिया भर में डर बढ़ता जा रहा है। एक्सपर्ट्स ने इस वायरस को डेल्टा से भी खतरनाक करार दिया है। डेल्टा वैरिएंट में सिर्फ दो म्यूटेशन पाए गए थे, वहीं ओमिक्रॉन वैरिएंट में 30 से ज्यादा म्यूटेशन दर्ज किए गए हैं। इसी के चलते विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस स्वरूप के पहले कुछ केस मिलने के दो दिन बाद ही इसे वैरिएंट ऑफ कंसर्न यानी कोरोना का चिंताजनक स्वरूप बता दिया था।

दो दिन के भीतर ही दोगुने देशों में पाया गया कोरोना का नया वैरिएंट

कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट ने वैज्ञानिकों के डर को बढ़ाना जारी रखा है।पहली बार दक्षिण अफ्रीका ने 24 नवंबर को इस वैरिएंट का खुलासा किया था। 26 नवंबर आते-आते ओमिक्रॉन 5 देशों तक फैल चुका था। 28 नवंबर तक ओमिक्रॉन के केस कम से कम 11 देशों में मिल चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट इन देशों के अलावा एक दर्जन और देशों में फैल चुका है और इसके केस धीरे-धीरे सामने आएंगे। ओमिक्रॉन वैरिएंट का कहर जल्द ही और देशों में भी देखने को मिल सकता है।

कोरोनावायरस का ओमिक्रॉन वैरिएंट अब तक अफ्रीका से लेकर यूरोप के देशों में मिल चुका है। इसकी उत्पत्ति बोत्सवाना में हुई। लेकिन इससे जुड़ा पहला केस पता करने वाला देश दक्षिण अफ्रीका रहा। बाकी देशों के नए वैरिएंट को लेकर यात्रा प्रतिबंध या किसी तरह की चेतावनी जारी करने से पहले ही यह वैरिएंट ब्रिटेन, बेल्जियम, जर्मनी, इस्राइल, चेक गणराज्य, इटली, हॉन्गकॉन्ग और ऑस्ट्रेलिया तक फैल चुका है।

भारत में भी ओमिक्रॉन फैलने का खतरा

भारत ने मार्च 2020 में अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन, भारतीय नागरिकों को विदेश भेजने या वापस भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय ने कुछ देशों से ‘एयर बबल’ के तहत फ्लाइट्स संचालन का समझौता किया। इस समझौते के तहत दुनियाभर के कुछ महत्वपूर्ण देशों से भारत पूरे एहतियात के साथ फ्लाइट्स की आवाजाही सुनिश्चित करता है। मौजूदा समय में भारत का 31 देशों से एयर बबल का समझौता है। यानी इन देशों से लोग भारत आ-जा सकते हैं।

जिन देशों में ओमिक्रॉन वैरिएंट मिला है, उनमें से तीन देशों के साथ भारत का एयर बबल के तहत उड्डयन सेवाएं जारी रखने का समझौता है। यह देश हैं – ब्रिटेन, जर्मनी, और नीदरलैंड्स। भारत की ओर से इन तीन देशों की फ्लाइट्स पर खास नजर रखी जा रही है। पीएम मोदी ने एक दिन पहले कोरोना पर उच्चस्तरीय बैठक के बाद सभी देशों के लिए अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने शुरू करने के फैसले पर दोबारा करने की बात कही है।

सभी राज्यों में सख्ती से आइसोलेशन लागू करें – केंद्र

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि वे ओमिक्रॉन को लेकर सख्ती से क्वारैंटाइन और आइसोलेशन लागू करें। ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग करें और हॉटस्पॉट्स पर निगरानी बढ़ाएं। उन्होंने वैक्सीनेशन का दायरा बढ़ाने के बारे में भी निर्देश दिए हैं। राजेश भूषण ने कहा कि इंटरनेशनल फ्लाइ‌ट्स के जरिए आने वाले यात्रियों की पिछली हवाई यात्राओं के बारे में जानकारी हासिल करने की एक प्रक्रिया है और इसे राज्यों के स्तर पर देखा जाना चाहिए। राज्यों को कोशिश करनी चाहिए कि पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत से नीचे रहे। इधर, दिल्ली एम्स के प्रमुख डॉ. रणदीप गुलेरिया ने बताया कि ओमिक्रान वैरिएंट के स्पाइक प्रोटीन एरिया में 30 से भी ज्यादा म्यूटेशन हो चुके हैं, जिसके कारण  यह वैक्सीन काे भी चकमा दे सकता है। इस बात की गंभीरता से जांच होनी चाहिए कि वैरिएंट के खिलाफ वैक्सीन कितनी प्रभावी हैं।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!