
- कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र कन्हारपुरी, अर्जुनी, डोंगरगांव और नवीन धान उपार्जन केन्द्र घुघुवा में धान खरीदी की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
- लघु व सीमांत किसान का धान पहले खरीदने के दिए निर्देश
- शासन द्वारा धान खरीदी की व्यवस्थाओं की किसानों ने की प्रशंसा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव/ जिले में धान खरीदी अभियान का आज से आगाज हुआ। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने धान खरीदी के पहले दिन राजनांदगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र कन्हारपुरी और डोंगरगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र अर्जुनी, डोंगरगांव और नवीन धान उपार्जन केन्द्र घुघुवा में धान खरीदी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। धान खरीदी केन्द्र में कांटा-बांट, नापतौल, आर्द्रतामापी यंत्र, रखरखाव, पेयजल सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि लघु और सीमांत किसानों के धान की खरीदी प्राथमिकता के साथ पहले करें। किसानों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिन धान खरीदी केन्द्र में शून्य रकबा की शिकायत है, वहां साफ्टवेयर में सुधार कर धान खरीदी की जाएगी। किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा। धान खरीदी सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए धान खरीदी केन्द्र से धान का उठाव फौरन शुरू किया जाएगा। कलेक्टर ने बारदाने के संबंध में भी जानकारी ली।
बेहतर व्यवस्था पर किसानों ने खुशी जताई

कलेक्टर धान उपार्जन केन्द्र में किसानों से भी बातचीत की। धान उपार्जन केन्द्र डोंगरगांव में धान बेचने आए माथलडबरी निवासी किसान महेश पटेल ने बताया कि उनके पास पौने 2 एकड़ खेत है और 57 कट्टा धान का विक्रय हो गया है। घर में भाई और बहन की शादी है। इस कारण जल्दी थी। 16 बारदाने घर से लेकर आए और 49 बारदाने केन्द्र से मिले है। शासन द्वारा धान खरीदी की बेहतर व्यवस्थाएं की गई है। जल्दी धान विक्रय होने से वह बहुत खुश है। धान उपार्जन केन्द्र अर्जुनी में सालिकझिटिया के किसान दानी राम ने बताया कि उनके पास डेढ़ एकड़ खेत है। दो प्रकार के 1001 और 1010 किस्म के धान का उत्पादन करते है। 53 कट्टा धान का विक्रय करने के लिए लाए हैं। धान उपार्जन केन्द्र घुघुवा में किसानों ने बताया कि पहले उन्हें अपना धान 7 किलोमीटर दूर डोंगरगांव जाना पड़ता था. लेकिन अब यहीं धान उपार्जन केन्द्र खुलने से सुविधा मिली है। समय की भी बचत हुई है। धान खरीदी केन्द्र में किसानों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई है। इस दौरान एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सुनील वर्मा, खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, डीएमओ गजेन्द्र राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal