
- मुख्यमंत्री ने ओजस फार्म में उत्पादित मखाना की लांचिंग की
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में रायपुर जिले के आरंग ब्लॉक के लिंगाडीह गांव में छत्तीसगढ़ के पहले मखाना प्रसंस्करण केन्द्र ‘मखाना खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन केंद्र‘ का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने लिंगाडीह के ओजस फार्म में मखाने की खेती शुरू करने वाले स्व. कृष्ण कुमार चंद्राकर दाऊ जी के नाम पर इस फार्म में उत्पादित मखाना की ‘दाऊजी‘ ब्रांड नाम से लांचिंग की।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू और जनसम्पर्क आयुक्त दीपांशु काबरा, ‘मखाना खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन केंद्र‘ के गजेन्द्र चंद्राकर और मखाने की खेती कर रहे ओजस फार्म की मनीषा चंद्राकर भी उपस्थित थीं।
गजेन्द्र चंद्राकर ने इस अवसर पर मखाने की खेती पर प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि लिंगाडीह के ‘मखाना खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन केंद्र‘ द्वारा किसानों को मखाना खेती हेतु निःशुल्क तकनीकी जानकारी, मखाना प्रक्षेत्र का समय-समय पर भ्रमण कराया जाता है और खेती का प्रशिक्षण दिया जाता है। केन्द्र द्वारा किसानों के लिए मखाना बीज की उपलब्धता के साथ-साथ मखाने की खरीदी की जाती है। उन्होंने बताया कि तालाब के साथ-साथ एक से डेढ़ फीट गहरे खेत में मखाने की खेती की जा सकती है। मखाने की खेती से प्रति एकड़ लगभग 70 हजार रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया जा सकता है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal