
- जनता से मिल रहा व्यापक जन समर्थन : कौशिक
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने रिसाली नगर निगम के कई वार्डों में जनसंपर्क किया। भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में रैली और नुक्कड़ सभाएं करते हुए कौशिक ने कहा कि आम जनता द्वारा भाजपा उम्मीदवारों को व्यापक जन समर्थन दिया जा रहा है। भाजपा की जीत सुनिश्चित है। कांग्रेस ने हमेशा जनमत का अपमान किया है। कांग्रेस का कभी जनता से कोई सरोकार नहीं रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस सत्ता में आते ही जनता से दूर हो जाती है।
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने रिसाली के वार्ड क्रमांक 13 व 14 में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। जोरातराई व टंकी मरोदा सहित कई वार्डों में जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लेकर भाजपा पार्षद प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आम नागरिक मौजूद थे। कौशिक ने कहा कि प्रदेश में सत्ता के आनंद में व्यस्त कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जो वादे किये थे, उन्हें पूरा करने के दिशा में कोई कार्य नहीं कर रही है। एक बार फिर से नगरीय निकाय में छलावा का दूसरा दस्तावेज अपना घोषणापत्र तैयार करके जनता को फिर से छलने की कोशिश कर रही है। आम जनता इसे भली-भांति जानती है। जनता इस बार कांग्रेस के छलावे में आने वाली नहीं है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal