Breaking News

देश में 2014 से हिंदुत्ववादियों का राज : दोबारा हिंदुओं का राज लाना होगा : मैं हिंदू हूं, लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं : राहुल गांधी

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

जयपुर में ‘महंगाई हटाओ रैली’ को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिंदुत्ववाद को लेकर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र में सत्तारूढ़ सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा कि देश में हिंदुत्ववादियों का राज है, हिंदुओं का नहीं। उन्होंने कहा कि हिंदुत्ववादियों को बेदखल कर देश में हिंदुओं का राज लाना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह हिंदू हैं लेकिन हिंदुत्ववादी नहीं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी रैली में मौजूद थीं लेकिन उन्होंने संबोधित नहीं किया।

उन्होंने कहा कि ‘महात्मा गांधी हिंदू थे लेकिन … गोडसे हिंदुत्ववादी। हिंदू सत्य को ढूंढता है। मर जाए, कट जाए, पिस जाए, हिंदू सच को ढूंढता है। उसका रास्ता सत्याग्रह है। पूरी जिंदगी वह सच को ढूंढने में निकाल देता है।’ महात्मा गांधी ने पूरी जिंदगी सच को ढूंढने में बिता दिया। और अंत में … एक हिंदुत्ववादी ने उनकी छाती में तीन गोलियां मारी। हिंदुत्ववादी अपनी पूरी जिंदगी सत्ता को खोजने में लगा देता है। उसे सिर्फ सत्ता चाहिए और उसके लिए वह कुछ भी कर देगा। …. उसका रास्ता सत्याग्रह नहीं उसका रास्ता सत्ताग्राह है।

राहुल ने कहा कि ‘ यह देश हिंदुओं का देश है, हिंदुत्ववादियों का नहीं है। आज अगर इस देश में महंगाई है तो यह काम हिंदुत्ववादियों ने किया है। हिंदुत्ववादियों को किसी भी हालत में सत्ता चाहिए.. इनका सच्चाई से कोई लेना देना नहीं।  2014 से हिंदुत्ववादियों का राज है … हिंदुओं का नहीं। और हमें हिंदुत्ववादियों को बाहर निकालना है और एक बार फिर हिंदुओं का राज लाना है।’

राहुल ने कहा कि आज हिंदुस्तान की एक प्रतिशत आबादी के हाथ में देश का 33 प्रतिशत धन है और सबसे गरीब 50 प्रतिशत आबादी के हाथ में सिर्फ 6 प्रतिशत धन। सिर्फ छह प्रतिशत छोड़ा है। यह जादू किसने किया और इस जादू के कौन से औजार थे … ये औजार नोटबंदी, जीएसटी, किसानों के खिलाफ तीन काले कानून। ‘नरेंद्र मोदी व उनके तीन चार उद्योगपतियों ने, हिंदुत्ववादियों ने इस देश को सात साल में बर्बाद कर दिया, खत्म कर दिया।’

राहुल गांधी ने कहा कि एक हिंदुत्ववादी प्रधानमंत्री ने किसानों की पीठ में छुरा घोंपा और फिर माफी मांगी। आज देश की राजनीति में दो शब्दों हिंदू व हिंदुत्ववादी की टक्कर है। हिंदू सत्याग्रही होता है तो हिंदुत्ववादी सत्ताग्रही होते हैं। कांग्रेस ने देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ जयपुर के विद्यानगर स्टेडियम में रैली का आयोजन किया था। रैली में बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़ से कांग्रेस नेता उत्साहित नजर आए। राजस्थान के साथ साथ पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली आदि से लोगों के अलावा देश भर से कांग्रेस नेता रैली में शामिल हुए। रैली को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे व अधीर रंजन चौधरी ने भी संबोधित किया। रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया शामिल हुए।

Check Also

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को मिला ए ग्रेड

THE CG NEWS रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में इंदिरा गांधी कृषि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!