
- फिल्टर प्लांट परिसर का नामकरण भी मोतीलाल वोरा के नाम पर होगा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की बैठक में आज एक अहम फैसला किया गया। एमआईसी में लिये गए निर्णय के अनुसार फिल्टर प्लांट के सामने निर्माणाधीन गार्डन में दिग्गज कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। एक साल पहले वोरा के निधन के बाद लगातार प्रतिमा स्थापना की मांग हो रही थी। आज एमआईसी की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगा दी गई।

बता दें कि 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य के तहत 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट के सामने जीई रोड के किनारे खाली स्थान पर खूबसूरत गार्डन निर्माण की शुरुआत हो चुकी है। इसी गार्डन में दिवंगत राजनेता मोतीलाल वोरा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। एमआईसी सदस्यों ने बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के निर्देश पर दुर्ग में वृहद पेयजल योजना फेज 1 शुरूआत की गई थी। 24 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट लगाया गया था। वोरा के कार्यकाल में ही फेज टू योजना भी बना ली गई थी। उसी फिल्टर प्लांट के सामने मोतीलाल वोरा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
अधोसंरचना मद के अंतर्गत सतनामी आश्रम कल्याण समिति कसारीडीह सांस्कृतिक भवन में प्रथम तल, हाल, भूतल, किचन शेड, बाथरूम और प्रांगण में इंटरलॉक व आंतरिक गली निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई। तकिया पारा में प्रस्तावित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी मीडियम स्कूल मरम्मत संधारण कार्य को स्थानीय जनता के विरोध के कारण निरस्त किया गया। नगर निगम सीमा क्षेत्र की दुकानों गंजपारा संजय मार्केट की 12 दुकानों, मिनी स्टेडियम बैगा पारा स्थित 21 दुकानों, नया बस स्टैंड शहीद भगत सिंह कांप्लेक्स की 14 दुकानों, न्यू मोती कंपलेक्स विस्तार की 10 दुकानों के लीज नवीनीकरण का निर्णय लिया गया। बैठक में निगम आयुक्त हरेश मंडावी, सभापति राजेश यादव, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, दीपक साहू, ऋषभ जैन, संजय कोहले, भोला महोबिया, हमीद खोखर, जयश्री जोशी, जमुना साहू, सत्यवती वर्मा, अनूप चंदनिया, मनदीप सिंह भाटिया, शंकर ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal