Breaking News

राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन 12 से 14 जनवरी तक : चीफ सेक्रेटरी ने तैयारियों की समीक्षा की

  • लोक कला-हस्तशिल्प प्रदशर्नी-लोक साहित्य संगोष्ठी का होगा समागम

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन 12 से 14 जनवरी 2022 तक साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में किया जाएगा। इस बार राष्ट्रीय युवा महोत्सव में लोक कला प्रदर्शनी, हस्तशिल्प प्रदर्शनी के साथ ही लोक साहित्य संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने आज मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्रीय युवा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए स्थानीय स्तर पर रायपुर जिले के कलेक्टर, एसपी और आयुक्त नगर निगम के नेतृत्व में स्थानीय समिति बनाने के निर्देश दिए है। उन्होंने महोत्सव के आयोजन से संबंधित जिम्मेदारी विभिन्न विभागों को दी है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण का कार्य गृह विभाग को सौंपा गया है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा मुख्य मंच का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग दर्शक दीर्घा और डोम निर्माण का कार्य देखेगा। प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग को दी गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और नगर निगम आयोजन स्थल पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

युवा महोत्सव में भाग लेने आ रहे प्रतिभागियों के आवास और भोजन की व्यवस्था खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा की जाएगी। प्रतिभागियों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवास स्थल सहित कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर जीवन रक्षक दवाइयों के साथ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रहेगी। जैन ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव के उद्घाटन और समापन कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और उसका अनुमोदन कराने के निर्देेश दिए हैं। बैठक में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव लोक निर्माण सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग एन.एन. एक्का, सचिव पर्यटन अन्बलगन पी., सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी धनंजय देवांगन, सचिव वाणिज्य एवं उद्योग विभाग  आशीष कुमार भट्ट, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं नीरज कुमार बनसोड, रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार, रायपुर पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल, आयुक्त नगर निगम प्रभात मलिक उपस्थित थे।

Check Also

पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर सीएम साय को लिखा आत्मीय पत्र : प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और जनजीवन से अपने गहरे जुड़ाव को किया याद, सरगुजा से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!