
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने राज्य के सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों से कहा है कि चिटफंड कम्पनी-संचालकों के खिलाफ कलेक्टर कोर्ट और जिला न्यायालय में दर्ज प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं। कम्पनी और संचालकों की सम्पत्ति की कुर्की और नीलामी के माध्यम से मिली राशि को निवेशकों को वापस किया जाए। जैन ने चिटफंड कम्पनी-संचालकों के विरूद्ध ठगी के प्राप्त आवेदनों की तेजी से छंटनी कराने और अलग-अलग कम्पनी के आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव ने आज धान खरीदी की प्रगति की जानकारी के लिए संभागायुक्त, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग व कलेक्टर जांजगीर-चांपा, धमतरी, रायपुर, महासमुंद, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, राजनांदगांव की बैठक ली। रायपुर कलेक्टर ने चिटफंड मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 6 जनवरी को कुछ चिटफंड कम्पनी और संचालकों की सम्पत्ति के नीलामी की कार्यवाही की जाएगी। मुख्य सचिव ने इस कार्यवाही का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने कहा है। जैन ने कस्टम मिलिंग के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि धान के उठाव के बाद एफसीआई और नॉन के गोदामों में चावल जमा करने की गति में और सुधार लाया जाए। धान का तेजी से उठाव करने और समय पर चावल जमा न करने वाले मिलर्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। एफसीआई या नॉन में जमा किए जाने वाले चावल की गुणवत्ता बनाए रखने और एफसीआई में चावल के परिवहन के लिए रेल्वे से लगातार सम्पर्क रखने के निर्देश राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी को दिए गए हैं। समर्थन मूल्य में मक्का खरीदी के लिए जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश कलेक्टरों को दिए गए।
कोविड-19 के संक्रमण से मृत्यु के प्रकरणों की जांच और मुआवजा राशि वितरण का कार्य इस माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए है। रायगढ़ जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकरणों पर विशेष निगरानी रखने और उपचार के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव राजस्व एन.एन.एक्का, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी खाद्य मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, प्रबंध संचालक मार्कफेड किरण कौशल, प्रबंध संचालक राज्य नागरिक आपूर्ति निगम निरंजनदास उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा भी बैठक में शामिल हुए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal