• सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपस्थित रहें अधिकारी-कर्मचारी 
  • सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए निर्देश
  • निर्देश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य के मंत्रालय व विभागाध्यक्ष कार्यालयों सहित सभी मैदानी कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों को इस संबंध में जारी निर्देश में कहा गया है कि शासकीय कार्यालयों के लिए माह के दूसरे और तीसरे शनिवार की तरह हर शनिवार को अवकाश घोषित करते हुए सप्ताह में 5 कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही कार्यालय का समय बदलते हुए सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
आज जारी निर्देश में कहा गया है कि शासन के ध्यान में यह बात लाई गई है कि अनेक शासकीय कार्यालयों-मैदानी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी नियत समय पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं। यह शासन द्वारा जारी निर्देशों के विपरीत है। सभी कार्यालय प्रमुखों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय में सुबह 10 बजे उपस्थित होकर शाम 5:30 बजे तक कार्य संपादित करें। निर्देशों का उल्लंघन किए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी पर सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत कार्यवाही की जा सकेगी। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इन निर्देशों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने कहा गया है।