Breaking News

विधायक, महापौर की मौजूदगी में कलेक्टर ने विभागों की समीक्षा की : अमृत मिशन और जीई रोड के आधे-अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताई

  • शहर के सतत विकास के लिए समन्वय स्थापित करना आवश्यक : वोरा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

निगम क्षेत्र में सुस्त गति से चल रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए आज वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल की मौजूदगी में कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने सभी प्रमुख विभागों के कामकाज की समीक्षा की। कलेक्टर कार्यालय में हुई संयुक्त बैठक में गर्मी के मौसम में पेयजल संकट की संभावित स्थिति से निपटने पर चर्चा की गई। नगर निगम की अमृत मिशन योजना के कार्यों की समीक्षा भी की गई।

बैठक में वोरा की शिकायत पर कलेक्टर ने अमृत मिशन प्रोजेक्ट और जीई रोड के उन्नयन कार्य में ढिलाई पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने कहा कि बार-बार पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य के कारण जलसंकट की शिकायतें क्यों आ रही है। बैठक में साफ कहा गया कि बार-बार शटडाउन की स्थिति नहीं आनी चाहिए। मार्च तक शटडाउन लेने वाले सभी कार्य पूरे कर लिये जाएं। अप्रैल के बाद आम जनता को गर्मी में पेयजल की नियमित सप्लाई हो सके।      

कलेक्टर ने जीई रोड के उन्नयन कार्य में लेटलतीफी पर भी पीडब्लूडी के अफसरों को जवाब तलब किया। जीई रोड का कार्य चल रहा है। अभी तक जीई रोड का स्वरूप बदलता नजर नहीं आ रहा हैं। चौक-चौराहों की शिफ्टिंग का कार्य तेजी से किया जाना चाहिए। सौंदर्यीकरण के कार्य तत्काल पूरे किये जाएं। जीई रोड पर अंधेरे की समस्या पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिये। 

विधायक वोरा ने कहा कि पुलगांव नाला डायवर्सन और ठगड़ा बांध के काम मे तेजी लाना जरूरी है। पटरीपार में आदित्य नगर और पॉलिटेक्निक कालेज में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम का कार्य जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिये।कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्यों का कोई भी प्रस्ताव पेंडिंग न रखा जाए।अगर धन राशि की कमी है तो प्रस्ताव तत्काल राजधानी भेजा जाए।

नगर निगम में आम जनता से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने पर विशेष ध्यान देने कहा गया। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण का काम जनवरी 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोटिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इसी माह के अंत तक तैयार कर लिया जाएगा। हमर लैब का संचालन भी जिला अस्पताल में शुरू किया जाएगा।

वोरा ने राजीव आश्रय योजना के अंतर्गत पट्टा वितरण के कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि समीक्षा बैठक नियमित रूप से होना चाहिए ताकि शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके। बैठक में मुक्तिधाम संधारण, गौरव पथ, उद्यान निर्माण, शहरी क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों की सतत निगरानी रखने शहर विकास समिति बनाने का निर्णय लिया गया।

शहर का दौरा भी किया 

बैठक के दौरान कई अफसरों ने विकास कार्यों में कई तरह के अड़ंगे आने की जानकारी दी, जिस पर कलेक्टर ने साफ कहा कि विकास कार्य में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए। वोरा के आग्रह पर कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने ऐसे सभी स्थानों का अवलोकन भी किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम आयुक्त हरेश मंडावी, एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, लोक निर्माण विभाग के ईईअशोक श्रीवास, सीएस ओगरे, नगर निगम के ईई मोहनपुरी गोस्वामी, प्रकाश थवानी, जिला योजना एवं सांख्यिकी, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर सीएम साय को लिखा आत्मीय पत्र : प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और जनजीवन से अपने गहरे जुड़ाव को किया याद, सरगुजा से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!