
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
प्रदेश के आदिवासी अंचल में पढ़ने वाले बच्चों ने अखिल भारतीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा 2021 में शानदार प्रदर्शन किया है। आदिवासी बच्चों का डॉक्टर बनने का सपना साकार हो रहा है। राज्य के दूरस्थ अंचलों में स्थापित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के 9 विद्यार्थियों का चयन इस साल एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए हुआ है। आदिम जाति कल्याण मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
नीट 2021 में सफल विद्यार्थियों ने एकलव्य आदर्श विद्यालय कटेकल्याण जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा की 5 छात्राओं, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तरेगांव जंगल जिला कबीरधाम के दो छात्रों, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छोटे मुड़पार खरसिया जिला रायगढ़ के दो छात्र शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी ग्रामीण पृष्ठभूमि और कृषक परिवार से संबंधित हैं।
एकलव्य आदर्श विद्यालय कटेकल्याण जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा की 5 छात्राओं ने दंतेवाड़ा जिले में संचालित छू लो आसमान कोचिंग संस्था से एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा की तैयारी की है। इनमें से गीदम तहसील के गांव बडे़पनेड़ा की कुमारी पीयुषा वेक और गीदम तहसील के ही गांव बड़ेपनेड़ा की रमशीला वेक रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति कॉलेज में डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगी। कुआकोण्डा तहसील के गांव समेली निवासी इन्दु कोडोपी और बीजापुर तहसील के गांव बोरजे की मदमा मेडे छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस बिलासपुर में डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगी। कोंटा तहसील के नक्सल प्रभावित क्षेत्र फंदीगुड़ा की सलवम पाले रायपुर के शासकीय दंत चिकित्सा कॉलेज रायपुर में डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगी।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तरेगांव जंगल जिला कबीरधाम के रघुनंदन धुर्वे शासकीय मेडिकल कॉलेज बिलासपुर में डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगे। इसी विद्यालय के दिग्विजय सिंह मसराम शासकीय मेडिकल कॉलेज कांकेर में डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगे। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छोटे मुड़पार खरसिया जिला रायगढ़ के त्रिभुवन सिदार शासकीय मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगे। इसी विद्यालय के पारसमणी राठिया भी शासकीय मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal