
- वार्ड को प्लास्टिक विहीन बनाने और शहर में स्वच्छता का प्रसार करते हुए शुरू किया बर्तन बैंक
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ महापौर धीरज बाकलीवाल व निगम आयुक्त हरेश मंडावी के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्व सहायता समूहों द्वारा वार्ड क्रमांक 1 पंचशील नगर से गीता महिला स्व सहायता समूह और वार्ड क्र 35 में स्वास्तिक महिला स्व सहायता समूह द्वारा बर्तन बैंक की शुरुआत की गई है। वार्ड को प्लास्टिकविहीन बनाने और दुर्ग शहर में स्वच्छता का प्रसार करते हुए बर्तन बैंक का गठन किया गया।

समूह द्वारा बर्तन बैंक का गठन कर वार्ड के निवासियों को उनके घर में जन्मदिन, शादी विवाह समारोह, मृत्यु भोज सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए मार्केट से कम कीमत पर बर्तन किराए पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे लोगों को कम कीमत पर अपने ही वार्ड में भोजन बनाने व भोज में आए लोगों को भोजन परोसने के लिए बर्तन मिलेगा। इससे भोज आदि के कार्यक्रम में दोना-पत्तल, प्लास्टिक गिलास, प्लास्टिक कटोरी से फैलने वाली गंदगी नहीं होगी।
समूहों द्वारा सिर्फ 10 रुपये में 1 सेट बर्तन दिया जा रहा है, जिसमें 1 थाली, 2 कटोरी, 1 गिलास, 2 चम्मच शामिल है। प्लास्टिक की प्लेट व कटोरी के अलावा दोना-पत्तल का इस्तेमाल करने के बाद उसे बाहर खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे गंदगी फैलती है। इन बर्तनों के इस्तेमाल से वॉर्डों में फैलने वाले कचरे से मुक्ति मिलेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal