
- राजीव युवा मितान क्लब का कार्य प्राथमिकता से करने के दिए निर्देश
- राजस्व प्रकरणों का निराकरण शिविर लगाकर करने कहा
- सभी निर्माण एजेंसी अपने कार्यों में गति लाएं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव । कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि रेवाडीह, मोतीपुर, चिखली जैसे स्थानों में अवैध प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई के साथ ही ऐसे अभियान आगे भी जारी रखें। अवैध प्लाटिंग करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय में रहेंगे और अवकाश पर नहीं जाएंगे। उन्होंने राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण शिविर लगाकर करने कहा। जनदर्शन के दौरान सीमांकन, बंटवारा और नामांतरण को लेकर शिकायत या समस्या नहीं आना चाहिए। समय-सीमा में ऐसे प्रकरणों का समाधान करें। उन्होंने सभी जनपद सीईओ से राजीव युवा मितान क्लब के कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गौठान मेला प्रारंभ करने के निर्देश भी दिये। सभी जनपद सीईओ को इसके लिए तैयारियां शुरू करने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए सभी तहसीलदारों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पटवारियों पर नियंत्रण रखें और कार्य नहीं करने पर सख्त कार्रवाई करें। अविवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन जैसे कार्य समय-सीमा में पूर्ण होना चाहिए। इसके लिए शिविर लगाकर निराकरण होना चाहिए।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति में पारदर्शिता से कार्य को महत्व दें। पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, एडीबी, आरईएस, सेतु सहित सभी निर्माण एजेंसी अपने कार्यों में गति लाए। सभी एसडीएम प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर विद्यालयों में शौचालयों की मरम्मत व सफाई की दिशा में कार्य करें। नदियों के किनारे वृक्षारोपण कराने और चारागाह के संबंध में जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि अधिक भूमि में वृक्षारोपण कराने की जरूरत है। सघन सुपोषण अभियान, मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण, नरवा योजना, गोधन न्याय योजना, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स के संबंध में जानकारी ली।
बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी,नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय, एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। सभी एसडीएम व विकासखंड अधिकारी वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal