- आईसीएआई भिलाई चैप्टर की नई कार्यकारिणी ने पदभार संभाला
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई। बिजनेस स्ट्रैटेजी गुरू विक्रम लिमसे ने कहा है कि व्यवसायिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। कार्यशैली में सुधार और बदलाव लाकर तेजी से तरक्की की जा सकती है, वहीं आजमाए गए पुराने तरीकों से चिपके रहे तो जमा-जमाया कारोबार भी ठंडे बस्ते में जा सकता है। बदलते परिवेश में चार्टर्ड अकाउन्टेंट्स अगर स्वयं को अपडेट करते हैं और अपने क्लाइंट्स को सही सलाह दे पाते हैं, तभी उनकी उपयोगिता बनी रह पाएगी। लिमसे आईसीएआई की सेन्ट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की भिलाई शाखा की नई कार्यकारिणी के अधिष्ठापन समारोह से पहले विशेष सत्र को संबोधित कर रहे थे।
बड़ी संख्या में उपस्थित भिलाई, दुर्ग और रायपुर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए विद्यार्थियों व उद्यमियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवर्तन अपने साथ चुनौतियों के साथ अवसर भी लाता है। बिजनेस ईकोसिस्टम तेजी से बदल रहा है। सफलता केवल उन्हीं के कदम चूम रही है जो कुछ नया लेकर आ रहे हैं या फिर पुराने व्यवसाय को नए रूप में पेश कर रहे हैं।

उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से कहा कि वे स्वयं को अपडेट करें और अपने क्लाइंट को भी अपडेट कराएं। अपने क्लायन्ट्स के सलाहकार बनें। बिजनेस स्ट्रैटेजी बनाने में उनकी मदद करें। स्वयं को सिर्फ खाता बही तक ही सीमित रखा तो क्लाइंट और व्यवसाय दोनों चला जाएगा।
आयोजन के दूसरे सत्र में आईसीएआई भिलाई शाखा की निवर्तमान कार्यकारिणी ने नई कार्यकारिणी को कार्यभार सौंपा। मंच पर निवर्तमान कार्यकारिणी के अलावा नई कार्यकारिणी के चेयरमैन सीए प्रदीप पाल, वाइस चेयरपर्सन सीए पायल जैन, सचिव सीए सूरज सोनी, कोषाध्यक्ष सीए अंकेश सिन्हा, सीए स्टूडेंट्स समिति के चेयरमैन सीए राहुल बत्रा और सदस्य सीए शिवम चौधरी भी उपस्थित हुए।
कार्यभार प्राप्त करने के बाद सत्र 2022-25 तक के चेयरमैन सीए प्रदीप पाल ने निवर्तमान कार्यकारिणी को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में सीए अनुकूल महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा। अनुशासन सर्वोपरि होगी और कार्यक्रम ऑन-द-डॉट समय पर प्रारंभ कर दिए जाएंगे। मंच पर अतिथि सहित अधिकतम 3 से 4 लोग रहेंगे। चेयरमैन सहित सभी पदाधिकारी भी प्रेक्षकों में शामिल होंगे। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित सीए स्टूडेंट्स और रायपुर चैप्टर के साथियों का स्वागत किया। एक दूसरे से जुड़े रहने का आह्वान भी किया।
इससे पूर्व निवर्तमान चेयरमैन सीए प्रफुल्ल कोठारी ने कोविड काल की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस अवधि में हम भले ही आपस में नहीं मिल पाए लेकिन ऑनलाइन बैठकों में वह संभव हो पाया जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। अपने अपने घरों में बैठकर हम देश भर में फैले चोटी के हमपेशा लोगों को सुन पाए। निवर्तमान सचिव सीए अमित राय ने कार्यकाल का विस्तृत ब्यौरा दिया। दूसरे सत्र के अंत में आईसीएआई भिलाई चैप्टर के सचिव सीए सूरज सोनी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal