- वृंदावन गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में गौठान मेला का हुआ आयोजन
- गौठान मेला में नागरिकों ने गौठान में संचालित हो रहे आर्थिक गतिविधियों को करीब से जाना
- वृंदावन गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए बना आर्थिक स्वावलंबन का केन्द्र
- रूरल इंडस्ट्रियल पार्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और रोजगार के अवसर विकसित करना
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / जिले के राजनांदगांव ब्लॉक के अंजोरा स्थित वृंदावन गौठान की पहचान प्रदेश में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में बन गई है। लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में फैले गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाएं औद्योगिक कार्य में संलग्न होकर उद्योगों की ओर रूख कर रही है। जिला प्रशासन द्वारा गौठान से लोगों को जोडऩे के लिए आज अंजोरा स्थित वृंदावन आदर्श गौठान में गौठान मेला का आयोजन किया गया।

यहां आयोजित गौठान मेला में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार भी उपस्थित थे। उन्होंने गौठान मेला में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया। गौठान में स्वसहायता समूह द्वारा संचालित वृंदावन रसोई में चाय पी और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद चखा। कलेक्टर ने कहा कि गौठान में लोगों को जोडऩे के लिए गौठान मेला का आयोजन किया जा रहा है। वृंदावन गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क है। यहां लगभग 100 महिलाओं को गुलाल सहित अन्य सामग्री बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। अब ये महिलाएं गुलाल तैयार कर रही है। इसके लिए श्री गणेशा गुलाल इंडस्ट्री से ओएमयू भी हुआ है।

कलेक्टर ने कहा कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और रोजगार के अवसर विकसित करना है। गौठान महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का भी केन्द्र है। गौठानों में मवेशियों का ध्यान रखा जाता है। इसके साथ ही महिला स्वसहायता समूह के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम भी है। गौठान मेला में जनसामान्य को गौठान की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है ताकि अन्य क्षेत्रों की महिलाएं यहां की महिलाओं के कार्य को देखकर प्रेरित हो।

गौठान मेला में राजनांदगांव विकासखंड के सभी स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए गए थे। गौठान मेला में ग्रामीण मंडई की तर्ज पर झूला, समूह की महिलाओं द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल में नागरिकों ने विशेष रूचि दिखाई। कृषि विभाग, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशु पालन विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। इस मौके पर राजीव युवा मितान क्लब द्वारा गौठान स्थित खेल मैदान में फूटबाल मैच का आयोजन किया गया। यहां आए नागरिकों ने रोमांचक फूटबाल मैच का आनंद लिया।
महिलाएं हो रही आर्थिक रूप से स्वावलंबी
वृंदावन गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में स्वसहायता समूह की महिलाएं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से स्वावलंबी हो रही है। महिलाएं रोली, कुमकुम, गोपी गुरूचंदन, गुलाल का निर्माण कर रही है। इसके लिए गौठान में मशीनरी स्थापित किये गए हैं। गौठान में मशरूम उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट, बाड़ी, मछली पालन, पौध रोपण जैसे कार्यों में जुड़कर रोजगार प्राप्त कर रही है। गौठान में केला, आम, कटहल, नीबू, पपीता, नारियल, जाम सहित अन्य पौधे लगाए गए है। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजनांतर्गत प्रति एकड़ 10 हजार रुपए की राशि प्राप्त होगी। गौठान मेला में जनपद सीईओ राजनांदगांव एसके ओझा, उप संचालक कृषि जीएस ध्रुवे, उप संचालक पशुधन विकास डॉ. राजीव देवरस सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी व नागरिक उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal