द सीजी न्यूज डॉट कॉम
जामा मस्जिद दुर्ग में इंतेजामिया कमेटी के चुनाव के लिए तीन सदस्यीय प्रशासकीय समिति का गठन किया गया है। एसडीएम विनय पोयाम ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। चुनाव संपन्न कराने तहसीलदार प्रकाश सोनी को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। तीन सदस्यीय प्रशासकीय समिति में दुर्ग क्राइम ब्रांच के डीएसपी नसीर सिद्दीकी खान, भिलाई थाना में पदस्थ पुलिस अधिकारी जलालुद्दीन खान और राजनांदगांव में पदस्थ मोहम्मद इसराफिल खान शामिल हैं। समिति के सदस्य आपसी समन्वय से चुनाव की तारीख का ऐलान करेंगे। समिति की देखरेख में ही चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
एसडीएम ने जारी आदेश में कहा है कि चुनाव संपन्न कराने के लिए दुर्ग शहर की सभी मस्जिदों के सदर से रायशुमारी की गई। तितुरडीह मस्जिद इंतेजामिया कमेटी के सदर हाजी सलीम, तकियापारा मस्जिद के मोहम्मद शारिक खान, जामा मस्जिद दुर्ग के हैदर अली, केलाबाड़ी मस्जिद के सदर हाजी शेख सिराज, गांधी नगर मस्जिद के सदर शेख शब्बीर, रायपुर नाका मस्जिद के जमाल खान, गौसुलवरा मस्जिद बोरसी के सदर डॉ आदिल शेख, जयंती नगर मस्जिद के सदर इसराईल बेग शाद से चर्चा के बाद प्रजातांत्रिक तरीके से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर से अनुमोदन के बाद चुनाव कराने तीन सदस्यीय प्रशासकीय समिति का गठन करते हुए तहसीलदार प्रकाश सोनी को पर्यवेक्षक बनाया गया है। चुनाव के लिए त्रिसदस्यीय प्रशासकीय समिति द्वारा मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। चुनाव कार्य में सहायता और मार्गदर्शन के लिए राज्य वक्फ बोर्ड से भी एक मुस्लिम अधिकारी की नियुक्ति शीघ्र की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal