- सत्ती चौरा के नागरिकों की जागरूकता सचमुच बेमिसाल
- धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक आयोजनों में पूरे समाज को लगातार दे रहे हैं अनूठे संदेश
- गरीबों की मदद के साथ सामाजिक सद्भावना, एकता, अखंडता, देशप्रेम से जुड़े आयोजन में सत्तीचौरा, गंजपारा के हर वर्ग की शानदार भागीदारी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
विगत वर्षों की परम्परा के अनुसार इस साल भी सत्तीचौरा में होली के अवसर पर वैदिक होलिका दहन किया जाएगा। गौ माता के गोबर से बने कंडे, कपूर, देशी घी, लौंग, इलायची से होलिका दहन किया जाएगा। आयोजन समिति के योगेन्द्र शर्मा बंटी ने बताया कि पूरे प्रदेश और देश में होलिका दहन के दौरान लकड़ियों के साथ कई अन्य सामग्री भी डाल दी जाती है जिससे प्रदूषण फैलता है। लकडियों का धुआं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

दुर्ग के सत्तीचौरा में विगत 5 वर्षों से अनूठी पहल के तहत गोबर के कंडे से होलिका दहन किया जा रहा है। आयोजकों ने इस मुहिम को जनता तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। शहर और जिले के गौठान, गौशाला, डेयरी संचालकों के साथ चर्चा कर इस बार होलिका दहन में लकड़ियों की जगह गोबर के कंडों का इस्तेमाल करने का आह्वान किया गया है। कई स्थानों पर काफी कम मूल्य पर गोबर के कंडे, गोकाष्ठ उपलब्ध हैं जिनकी कीमत लकड़ी से कम है।
योगेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले व प्रदेश के गौठान, गो-शालाओं, डेयरी संचलको को इस पहल से संबल मिलेगा। गोबर से बने कंडे की बिक्री होने से गो शालाओं, गौठानों को संबल मिलेगा और गायों के लिए चारे-पानी की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी। गोबर के कंडों की होली से पर्यावरण की रक्षा होगी। गोबर के कंडे जलने पर ऑक्सीजन निकलती है। यज्ञ हवन में भी गोबर के कंडों का इस्तेमाल होता है। कंडों की होली जलने पर वातावरण शुद्ध होगा।
आयोजक समिति के शिशु शुक्ला ने बताया कि 5 वर्षों से सत्तीचौरा में गोबर के कंडों से ही होलिका दहन किया जाता है। इस वर्ष होलिका दहन के लिए दुर्ग शहर के गौठान से लगभग 2 हजार कंडे, गौशाला से 1 हजार और डेयरी से 500 कंडे कुल लगभग 3500 कंडे से सत्तीचौरा में होलिका दहन के लिए लाए गए हैं। इसके साथ साथ कपूर, लौंग, इलायची भी होलिका दहन में जलाई जाएगी।
आयोजको द्वारा इस साल भी होलिका माता और भक्त प्रह्लाद की छोटी मूर्ति बनाई गई है, जिसे होलिका दहन में रखा जाएगा। परीक्षाओं को देखते हुए ढोल, नगाड़ा नहीं बजाया जाएगा। होलिका दहन के समय ही आरती साऊंड सिस्टम के साथ होगी। इस आयोजन में नरेंद्र गुप्ता, प्रहलाद रूंगटा, सुरेश गुप्ता, अजय शर्मा, राजू पुरोहित, राजेश शर्मा, राहुल शर्मा, ओमप्रकाश टावरी, वासु सक्सेरिया, आशीष मेश्राम, कृतज्ञ शर्मा, आकाश राजपूत, ईशान शर्मा, दीपक धर्मगुढ़ी, रवि राजपूत, प्रकाश कश्यप, संजय सेन, प्रकाश सिन्हा, बिट्टू यादव, मनीष सेन, सोनल सेन, निक्कू जायसवाल व अन्य गंजपारा वासी तैयारी में जुटे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal