द सीजी न्यूज डॉट कॉम

स्कूल शिक्षा विभाग का अंगना म शिक्षा कार्यक्रम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। इस कार्यक्रम में पिछले साल पूरे राज्य की सभी महिला शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और मेले का आयोजन कर छोटे बच्चों की माताओं को गतिविधियां कराते हुए घर के संसाधनों से ही सिखाने की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम को न केवल राज्य स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। नया सत्र शुरू होने से पहले दोबारा अंगना म शिक्षा 2.0 की शुरुआत की गई है।

रायपुर जिले के धरसीवा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला जरवाय से इसकी शुरुआत की गई, जिसमें जरवाय गांव की 50 माताएं मेले के माध्यम से अपने बच्चों का परीक्षण कर सकी और सपोर्ट कार्ड के माध्यम से उनकी गति को अंकित कर पाई। इस साल अंगना में शिक्षा 2.0 के अंतर्गत स्मार्ट माता का चयन प्रत्येक गांव से किया जाएगा, जिसके अंतर्गत जरवाय गांव की सबसे एक्टिव महिला इंदिरा सूर्यवंशी को स्मार्ट माता के रूप में चुना गया। उन्हें राज्य परियोजना कार्यालय के अतिरिक्त मिशन संचालक के.सी काबरा द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सभी संभाग से दो-दो महिला शिक्षिकाएं नेतृत्व करते हुए उपस्थित थी।

स्मार्ट माताओं की जिम्मेदारी होगी कि वे अपने समुदाय से अन्य माताओं को संगठित रखेंगी और उन्हें नियमित रूप से बच्चों को घर पर सिखाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ संबंधित शाला के शिक्षिकाओं को चल रही स्थितियों के नियमित रूप से अवगत कराने और फीडबैक देने का कार्य कर सकेंगी। स्मार्ट माताओं के साथ अन्य सभी माताओं के पास स्मार्ट फोन होने पर उन्हें राज्य द्वारा संचालित अंगना म शिक्षा टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया है।