- मछली पालन के लिए खदान का भी होगा जीर्णोद्धार
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / कुम्हारी में लगभग 5 करोड 72 लाख रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और एक करोड़ 52 लाख के कार्य का भूमिपूजन करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यहां 23 करोड़ की लागत से थोक सब्जी मंडी निर्माण की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कुम्हारी नगर पालिका के सभी स्कूलों के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने महामाया उद्यान के बगल में लगे खदान के जीर्णोद्धार की घोषणा करते हुए मछली पालन जैसी गतिविधियां करने के निर्देश दिए, ताकि मत्स्य पालकों को रोजगार मिल सके।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्हारी क्षेत्र में 94 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं और 100 करोड रुपए के विकास कार्य अभी शुरू होने हैं। इन 3 सालों में कुम्हारी की सूरत तेजी से बदली है। कोई भी नागरिक जब 3 साल बाद कुम्हारी पहुंचेगा तो इस शहर में वो बड़ा बदलाव महसूस करेगा। अब कुम्हारी में हरसंभव सुविधाएं मौजूद है। पहले न यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधा थी, न ही शिक्षा की अच्छी व्यवस्था थी। अब यहां पर अच्छा अस्पताल है। दो स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल है, जो जंजगीरी और कुम्हारी में चल रहे हैं। महाविद्यालय भी आरंभ किया गया है। रायपुर और भिलाई को कुम्हारी कनेक्ट करता है लेकिन यहां की स्थिति बहुत खराब थी। इसे बदलने का फैसला किया और आज विकास कार्यों के लोकार्पण के मौके पर महामाया उद्यान पहुंचकर में आप लोगों की खुशी को देख कर बहुत हर्षित हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्हारी का गौठान अच्छे तरीके से संचालित हो रहा है। यहां स्व सहायता समूह की महिलाएं केले की खेती कर बेच रही है। यहां गोबर का भी बड़े पैमाने पर उत्पादन हो रहा है। गोबर से बिजली बनाने पर सरकार काम कर रही है। इससे दोहरा लाभ है वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन करने के साथ ही बिजली का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। सभी वर्गों के विकास के लिए सरकार ने योजनाएं बनाई हैं। किसानों के लिए राजीव गांधी न्याय योजना है। भूमिहीन मजदूरों के लिए योजनाएं हैं। शासकीय कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लगभग 3 लाख 80 हजार शासकीय कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना का लाभ उठा पाएंगे। इससे उनमें काफी खुशी है। इससे पहले वे अपनी वृद्धावस्था को लेकर तनाव में रहते थे। हमारी सरकार ने उनका यह तनाव दूर कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर महामाया उद्यान का निरीक्षण भी किया। उद्यान को एक करोड़ 27 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने उद्यान की खूबसूरती की तारीफ की। यहां लगाई गई महापुरुषों की प्रतिमाओं की पहल की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे शहीद हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। यहां गुंडाधुर, वीर नारायण सिंह और गेंदसिंह की प्रतिमाएं लगी है। यह सच्चे मायनों में उन्हें श्रद्धांजलि है।
इस मौके पर खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने कहा कि 3 वर्षों में राज्य सरकार की योजनाओं से सभी वर्गों को लाभ हुआ है और प्रदेश में खुशहाली तेजी से बढ़ी है। नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में कुम्हारी में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और जनता की विकास संबंधी आकांक्षाएं पूरी हो रही है। कुम्हारी तेजी से विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। इस मौके पर आईजी ओपी पाल, कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसपी बद्रीनारायण मीणा व अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
