- गोबर से बने सूटकेस में बजट की कॉपी लेकर सदन पहुंचे महापौर
- ए दुर्ग हमर हे.. एला सब्बो झन मिलके संवारना हे” : महापौर
- वर्ष 2022 -23 के बजट में 3 77 करोड़ 20 लाख 35 हजार रुपए का अनुमानित आय और 377 करोड़ 13 लाख 20 हजार के व्यय का बजट पेश किया
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ नगर निगम का वर्ष 2022-23 के लिए पेश किया गया बजट आज सर्वसम्मति से पारित हो गया। विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा ही नहीं था। भाजपा नेता दावा कर रहे थे कि इस बार धमाकेदार तरीके से सत्तापक्ष को घेरा जाएगा, लेकिन विपक्षी धमाका कांग्रेस पार्षदों की एकता और एकजुटता के आगे फुस्स हो गया। विपक्षी शेर सत्तापक्ष के आगे ढेर हो गए। शाम करीब 5 बजे एल्डरमैन मनीष यादव की तबियत अचानक बिगड़ने के बाद सर्वसम्मति से बजट को पारित कर दिया गया।
आज सुबह 11 बजे महापौर धीरज बाकलीवाल गोबर से बना ब्रीफकेस लेकर बीआईटी कॉलेज मैकेनिकल कांफ्रेंस हॉल में आयोजित सामान्य सभा में पहुंचे। सभापति राजेश यादव ने नगर निगम की सामान्य सभा प्रारंभ की। शुरूआत में विपक्ष ने पीएम आवासों में कांग्रेस नेताओं द्वारा कब्जे सहित कुछ मुद्दों को लेकर विरोध शुरू किया लेकिन, आखिरकार लगभग 5 घंटे तक चली चर्चा के बाद बजट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
वर्ष 2022 -23 के नगर निगम के बजट में 377 20. 35 लाख का अनुमानित आय बजट और 37713.20 लाख का व्यय बताया गया है। हर घर ग्रीन के क्रियान्वयन के लिए पुरखा के सुरता योजना के तहत पूर्वजों की स्मृति में एक वृक्ष लगाने और शिवनाथ नदी रोड पर स्मृति वन विकसित करने, दिव्यांगों और उनके परिजनों को शादी हेतु भवन आरक्षण, वेंडिंग जोन में गुमटी के लिए आरक्षित क्षेत्र में निश्चित डिजाइन और आकार की गुमटी स्थापित करने, किराएदारों के लिए आवास योजना ,तालाबों के संरक्षण और संवर्धन व सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम विकास योजना, ओपन लाइब्रेरी, बस स्टैंड में फ्री वाई फाई जोन, महिलाओं के लिए हॉस्टल सुविधा, राशन दुकानों में जनसुविधा, प्रमुख चौराहों और रेलवे क्रॉसिंग में शेड निर्माण, खेल स्टेडियम निर्माण ,कुम्हार मार्केट, ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण व पिकनिक स्पॉट, शंकर नाला सुदृढ़ीकरण, पुलगांव नाला डायवर्सन, मुक्तिधाम मार्ग निर्माण, गौरव पथ निर्माण, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर जैसे विषयों के लिए बजट में राशि का प्रावधान किया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
