- सामान्य सभा में विपक्ष को जवाब देने की बजाय मौन साधने वाले पार्षदों पर भी रहेगी पार्टी की नजर
- अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी अलर्ट : पार्टी की फजीहत मंजूर नहीं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग नगर निगम की बजट सभा बीआईटी के मैकेनिकल कांफ्रेंस हाल में आज मंगलवार को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। बजट सभा में सत्तापक्ष को घेरने भाजपा ने काफी धारदार तैयारियां की हैं। इधर, कांग्रेस ने भी विपक्ष के हमलों का आक्रामक तरीके से जवाब देने की रणनीति बनाई है। सोमवार को कांग्रेस भवन में हुई बैठक में यह तय किया गया है कि पार्टी से चुनाव जीतने के बाद असंतुष्ट गतिविधियों में शामिल पार्षदों पर पैनी नजर रखी जाएगी। इसकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भी भेजी जाएगी।

राजीव भवन में कांग्रेस पार्षदों और संगठन नेताओं की बैठक में विधायक अरुण वोरा ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी पार्षद एकजुटता से विपक्ष का मुकाबला करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विकास मॉडल से भाजपा बौखला गई है। इसी बौखलाहट में बिना वजह कांग्रेस सरकार के कार्यों का विरोध किया जा रहा है। दुर्ग शहर में हो रहे विकास कार्यों से बौखलाकर नगर निगम की सामान्य सभा में भी भाजपा अनावश्यक मुद्दे उठाएगी, जिसका करारा जवाब कांग्रेस पार्षदों को एकजुट होकर देना है।
बैठक में एमआईसी मेंबर संजय कोहले ने पिछली सामान्य सभा की बैठकों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ कांग्रेसी पार्षद अपनी ही पार्टी की लाइन से बाहर जाकर सामान्य सभा में विपक्ष का साथ देते हैं और सत्ता पक्ष पर हमला करने से बाज नहीं आते। ऐसे पार्षदों पर कार्रवाई होनी चाहिए। बैठक में तय किया गया कि ऐसे पार्षदों की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस पार्टी को भेजी जाएगी।
निगम की बजट सभा में विपक्ष के हमलों का जवाब देने की बजाय उदासीन बने रहने या एकजुटता दिखाने की बजाय जानबूझकर खामोश रहने वाले पार्षदों पर भी कांग्रेस की नजर रहेगी। ऐसे पार्षदों की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर फैसला किया जाएगा। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस के एक कद्दावर नेता ने दुर्ग शहर के प्रमुख कांग्रेस नेताओं से हुई बातचीत में इसके संकेत दिये थे।
गुटबाजों और असंतुष्टों की रिपोर्ट बन रही
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिस तरह पूरे प्रदेश से गुटबाजी को समाप्त करने के बाद पिछले विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, उसी गुटबाजी को दोबारा पनपने देने के लिए कांग्रेस पार्टी तैयार नहीं है। अगले साल विधानसभा चुनावों की तैयारी में पार्टी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसी तैयारी के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में असंतुष्ट गतिविधियों में शामिल कांग्रेसियों की रिपोर्ट बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के कारण दुर्ग में विशेष रूप से इन गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पता चला है कि कुछ कांग्रेस नेता खुद की राजनीति चमकाने के लिए गुटबाजी को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसी गतिविधियों में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट भी बनाई जा रही है। सारी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। चुनाव से पहले ऐसे लोगों का पार्टी से पत्ता काटा जाएगा।
दरअसल, कांग्रेस पार्टी किसी भी स्तर पर यह संदेश नहीं देना चाहती कि पार्टी के अंदरखाने में कुछ गड़बड़ चल रहा है। जानकारी के मुताबिक हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के उन नेताओं की रिपोर्ट बन रही है जो सोशल मीडिया या खुले मंच में अनुशासनहीनता भरी बयानबाजी कर रहे हैं या असंतुष्ट गतिविधियों में शामिल हैं। गुटीय राजनीति को बढ़ावा देने वाले नेताओं पर भी कांग्रेस नेता नजर रख रहे हैं। पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल होने के बाद वापस कांग्रेस में लौटे गुटबाज नेताओं पर भी पार्टी की पैनी नजर है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal