- मांग करने वालों में अधिकांश भाजपा नेता
- उपद्रव करने वाले लोगों को गिरफ्तार करने पर पुलिस को दिया धन्यवाद
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ ताम्रकार समाज समाज सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों ने आज पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर कहा है कि हिंदू समाज के नाम का दुरुपयोग करते हुए अपंजीकृत संस्था हिंदू युवा मंच की रसीद बनाकर अवैध उगाही की गई। बाजार में छोटे-छोटे सब्जी व्यवसाइयों से 3100 रुपए जोर जबरदस्ती और गुंडागर्दी करते हुए लाठी-डंडे के बल पर वसूल किया गया। रसीद की फोटोकॉपी पुलिस अधीक्षक को देते हुए छत्तीसगढ़ ताम्रकार समाज के प्रमुख और दुर्ग जिले के गणमान्य नागरिकों ने कहा कि इस संगठन पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।
मांग करने वालों में अहिवारा नगर पंचायत अध्यक्ष नटवर ताम्रकार, छत्तीसगढ़ ताम्रकार समाज से विनायक ताम्रकार, सुराना समाज से अमर चंद सुराना, इंदिरा मार्केट व्यापारी संघ से महेश यादव, साहू समाज युवा प्रकोष्ठ दुर्ग से तोमेश साहु, चंद्राकर समाज से दाऊ ललित चंद्राकर, ताम्रकार युवक समाज से श्याम ताम्रकार, अधिवक्ता संघ से द्रोण ताम्रकार उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक को दिये गए ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ वर्षों से दुर्ग में हिंदू युवा मंच की गुंडागर्दी से स्थानीय नागरिक, व्यापारी वर्ग अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे थे। पिछले दिनों हिंदू युवा मंच के गुंडों द्वारा अवैध वसूली का प्रयास किया गया जिसका विरोध करने पर हिंदू युवा मंच के गुंडों द्वारा गोविंद राज नायडू के नेतृत्व में तमेर पारा में लगभग डेढ़ सौ लोग लाठी, राड आदि हथियार लेकर बलवा करने पहुंच गए। इसका विरोध ताम्रकार समाज और तमेर पारा के लोगों ने किया।
उनके विरुद्ध थाने में शिकायत की गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तत्परता से हिंदू युवा मंच के गुंडों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्य के लिए तमेर पारा के निवासियों और दुर्ग की जनता की ओर से आभारी व्यक्त किया गया है। उन्होंने निवेदन किया है कि हिंदू युवा मंच को प्रतिबंधित संस्था घोषित कर भविष्य में उनकी गुंडागर्दी को विराम लगाते हुए अवैध वसूली को रोका जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
