- पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था करने कहा
- अनुपयोगी खाद्य पदार्थो की बिक्री रोकने नियमित सैम्पल जांच करें
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने डोंगरगढ़ मंदिर में 2 अप्रैल से प्रारंभ होने वाली चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारी और सुचारू संचालन के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पुलिस प्रशासन व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और मेले के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं करें। डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं और पदयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मद्देनजर प्रमुख मार्गों के साथ-साथ सभी चिन्हांकित स्थलों में छायादार पंडाल, पेयजल, मेडिकल किट, ओआरएस, ग्लूकोज, चिकित्सा व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। आगजनी, आकस्मिक दुर्घटना जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक व्यवस्था होनी चाहिए। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि सभी विभाग के अधिकारी सौंपे गए दायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला आयोजन से लेकर समापन तक गंभीरतापूर्वक कार्य करें।
कलेक्टर ने कहा कि मेला स्थल पर संचालित सभी प्रकार के होटल, नाश्ते के ठेले, फल दुकानें सहित खानपान के लिए लगाए गए स्टालों में शुद्ध व ताजे सामानों की बिक्री होनी चाहिए। किसी प्रकार के अनुपयोगी खाद्य पदार्थो की बिक्री रोकने नियमित सैम्पल लेकर जांच की कार्रवाई करें। जिला व पुलिस प्रशासन और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का यह प्रयास होना चाहिए कि सभी श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधा मुहैया कराई जाए।
चैत्र नवरात्रि पर्व में दुर्घटना रहित मेला आयोजन का लक्ष्य रखकर पुलिस विभाग के अधिकारियों को पुख्ता उपाय करने के निर्देश दिए। सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था करने के अलावा मेला स्थल के लिए निर्धारित मार्गों में वाहनों की गति भी निर्धारित कराने कहा गया। मार्ग में पर्याप्त मात्रा में संकेतक व अस्थायी बैरियर लगाने और दुर्घटना जोन को चिन्हित करने के निर्देश दिए। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को सुरक्षित ढंग से नियंत्रित करने के उचित उपाय करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मेले के दौरान दर्शनार्थियों और डोंगरगढ़ में रुकने वाले लोगों को शुद्ध व ताजा भोजन, नाश्ता आदि उपलब्ध कराने एसडीएम डोंगरगढ़ और मुख्य नगर पालिका अधिकारी डोंगरगढ़ को जरूरी उपाय करने कहा। साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, रोप वे के मेन्टेनेंस, रोपवे में ओवरलोडिंग न होने देने के निर्देश दिये।
बैठक में पुलिस प्रशासन एवं अधिकारियों ने भी अपना सुझाव दिए। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी सलमा फारूखी, जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश बढई, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
