द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने इस साल विभिन्न नगरीय निकायों के रिक्त पदों के लिए आयोजित होने वाले नगर पालिका आम निर्वाचन और उप निर्वाचन के संबंध में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है। निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन व दावे-आपत्तियों को प्राप्त करने की कार्रवाई 29 अप्रैल से की जाएगी। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराने की कार्रवाई 29 अप्रैल को पूरी की जाएगी। दावा, आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तारीख व समय 7 मई को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
दावे आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख 12 मई निर्धारित है। प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 17 मई निर्धारित की गई है। प्रारूप क-1 में प्राप्त दावा का निराकरण करने की अंतिम तिथि 21 मई 2022 निर्धारित की गई है। दावे, आपत्तियों के निराकरण आदेश के विरुद्ध अपील करने की अंतिम तारीख, निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर निर्धारित किया गया है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 25 मई 2022 तक किया जाएगा।
यहां होंगे चुनाव
नगर पालिका आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत रायपुर जिले के नगर पंचायत समोदा के 15 वार्डों में, नगर पंचायत चंदखुरी के 15 वार्डों में, नगर पंचायत मंदिर हसौद के 20 वार्डों और नगर पालिका परिषद आरंग के 2 वार्डों में चुनाव कराया जाना है।
नगर पालिका उप निर्वाचन 2022 के अंतर्गत बिलासपुर जिले के नगर निगम बिलासपुर में वार्ड क्रमांक 16, बलौदा बाजार जिले के नगर पालिका परिषद बलौदा बाजार में वार्ड क्रमांक 5, कबीरधाम जिले के नगर पालिका परिषद कवर्धा के वार्ड क्रमांक 19 में उप निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal